हरियाणा में चल रही बेमौसम बारिश के कारण खराब हुई फसलों के मसले को लेकर विपक्षी दलों ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा और इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने मांग की है कि खराब फसल की विशेष गिरदावरी कराई जाए। साथ ही पिछली खराब फसल का मुआवजा जल्द जारी किया जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पिछले लगभग 2 हफ्ते से लगातार रुक-रुककर बारिश से आलू समेत सब्जी की कई फसलें तो पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। गेहूं और सरसों के किसानों को भी इसका नुकसान झेलना पड़ा है। नुकसान की स्पेशल गिरदावरी करवाकर उन्हें मुआवजा देना चाहिए।
हुड्डा ने कहा कि लेकिन ना बीमा कंपनियों की तरफ से और ना ही सरकार द्वारा उनके नुकसान की भरपाई की जाती। पिछले सीजन में भी ज्यादा बारिश और जलभराव की वजह से साढ़े पांच लाख एकड़ से ज्यादा फसलें खराब हुईं थीं, लेकिन आज तक किसान मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं। जलभराव की निकासी के लिए भी फौरन व्यवस्था करनी चाहिए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वह कोरोना संक्रमण की वजह से आइसोलेशन में हैं लेकिन जल्द ही स्वस्थ होकर किसानों के बीच पहुंचेंगे।
पिछले नुकसान का मुआवजा दें, ताजा की विशेष गिरदावरी हो : कुमारी सैलजा
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि तेज बारिश व खेतों में पानी जमा होने से किसानों की लगातार दो फसलें बर्बाद हो गई हैं। पहले धान व कपास की फसल बर्बाद हुई और अब सब्जियों व सरसों की फसल में बड़ा नुकसान हो रहा है, लेकिन भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार मूकदर्शक बनी है। ऐसे में कांग्रेस की मांग है कि प्रदेश सरकार धान व कपास की फसल खराब होने की एवज में जल्द से जल्द किसानों को मुआवजा राशि का भुगतान करे और ताजा खराबे की विशेष गिरदावरी के आदेश दे।
कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकारी आकलन के मुताबिक विशेष गिरदावरी के बाद तैयार रिपोर्ट से पता चला है कि किसानों को 350 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि का भुगतान किया जाना है, लेकिन किसान विरोधी प्रदेश सरकार इस राशि को जारी करने के प्रति गंभीर नहीं है।