चीमा सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश सचिव गगनदीप चड्ढा के साथ प्रेस को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने किसानी संघर्ष का हवाला देकर बादल परिवार और अकाली दल को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। चीमा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2017 में 129 पेजों का घोषणा पत्र जारी कर घर-घर रोजागार, किसान का कर्जा माफ, दलितों को 5-5 मरले के प्लॉट एवं मुफ्त घर और माफिया शासन का अंत करने जैसे अनेक वादे किए थे लेकिन साढ़े चार वर्षों में किसी वादे को पूरा नहीं किया। उम्मीद जताई कि चन्नी इन सभी वादों को पूरा करेंगे।
चीमा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने स्वयं स्वीकारा है कि कैप्टन अमरिंदर फ्लॉप रहे हैं और इसी कारण उन्हें मुख्यमंत्री के पद से हटाया गया। चीमा ने कहा कि कांग्रेस को वादे पूरे करके दिखाने होंगे। केवल चेहरा बदलकर पंजाब के लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता।
छात्रवृत्ति घोटाला में तुरंत कार्रवाई करें मुख्यमंत्री: शिअद
शिरोमणि अकाली दल ने सोमवार को मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी से अनुरोध किया है कि वे शीघ्र राज्य के अनुसूचित जाति के छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए मंत्री साधु सिंह धर्मसोत के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करें। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद चन्नी को बधाई देते हुए शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता पवन कुमार टीनू ने कहा कि भले ही चन्नी कांग्रेस आलाकमान द्वारा दलित मुख्यमंत्री के रूप में स्वत: पसंद नहीं थे और हालात के अनुसार उम्मीदवार बनाया गया है लेकिन उन्हें इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए और अनुसूचित जातियों, विशेष रूप से दलित छात्रों के खिलाफ की गई सभी गलतियों को सही करना चाहिए।
टीनू ने कहा कि नए मुख्यमंत्री को साधु सिंह धर्मसोत के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का आदेश देना चाहिए और अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति घोटाला मामले में उनकी गिरफ्तारी के आदेश देने चाहिए। दलित छात्रों के खिलाफ धर्मसोत द्वारा किए गए अपराधों को सरकार के पूर्व अतिरिक्त प्रधान सचिव द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट में सूचीबद्ध किया गया है।