चंडीगढ़। मध्य मार्ग पर ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट और रेलवे लाइट प्वाइंट के बीच स्थित पुल के पास बुधवार रात पांच युवकों ने चाकू दिखाकर एक राहगीर से मारपीट की और मोबाइल व पर्स लूट लिया। पीड़ित मौली गांव निवासी वेद प्रकाश (45) के पैर और मुंह चोटें आईं हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। देर रात एक संदिग्ध को पकड़ा गया, जिससे पूछताछ जारी है।मौली गांव के मकान नंबर-164 में रहने वाले वेद प्रकाश ने बताया कि वह सेक्टर-19 स्थित पटियाला वाच कंपनी में काम करते हैं। बुधवार रात करीब 9 बजे वह ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे। मध्य मार्ग पर रेलवे लाइट प्वाइंट के पास स्थित पुल के पास पांच युवकों ने उन्हें चाकू दिखाकर रोक लिया और खींचकर नीचे जंगल की तरफ ले गए। वहां पर उनके साथ मारपीट कर आरोपियों ने मोबाइल और पर्स छीन लिया।
वेद प्रकाश ने बताया कि पर्स में आई कार्ड, सात-आठ सौ रुपये और अन्य कागजात थे। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग निकले। बाद में वेद प्रकाश ने एक राहगीर की मदद से 112 नंबर पर कॉल कर मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पीसीआर पुलिस और बापूधाम चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वेद प्रकाश की शिकायत लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। करीब एक घंटे बाद बापूधाम चौकी पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। वेद प्रकाश ने उसको पहचान लिया। पुलिस देर रात तक युवक से पूछताछ में जुटी थी।