-इंस्पेक्टर अमनजोत कौर ने शिक्षा मंत्री बैंस और एसपी ज्योति यादव के खिलाफ डीजीपी को दी थी शिकायत
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मोहाली के सेक्टर-108 में 500 वर्ग फीट की निर्माणाधीन कोठी में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर मामले में नया मोड़ आ गया है। एसएएस नगर सेक्टर-76 के साइबर सेल की इंचार्ज रहीं इंस्पेक्टर अमनजोत कौर ने इस फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया था।
इस फर्जी कॉल सेंटर के नेटवर्क को जब इंस्पेक्टर ने खंगालना शुरू किया, तो उसके तार विदेश से जुड़े पाए गए। यहां तक कि इस गिरोह के आरोपियों की धरपकड़ के दौरान जब इंस्पेक्टर पर दबाव बनाया जाने लगा, तो उन्होंने मामले की शिकायत डीजीपी से कर ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन से पूरे मामले की तहकीकात की मांग की। इंस्पेक्टर की शिकायत पर डीजीपी गौरव यादव ने संज्ञान लेते हुए बुधवार को स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) गठित कर दी। इस एसआईटी में एडीजीपी साइबर क्राइम, आईजी धनप्रीत कौर और एसएसपी मोहाली को शामिल किया गया है, जो पूरे मामले की तहकीकात कर डीजीपी को रिपोर्ट सौंपेंगे।
डीजीपी गौरव यादव को लिखी शिकायत में इंस्पेक्टर अमनजोत कौर ने बताया कि इस 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी कॉल सेंटर के तार अमेरिका के फ्लोरिडा से जुड़े हुए हैंं। इस फर्जी कॉल सेंटर का मुख्य आरोपी विजय राज कपूरिया पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस ने विजय राज कपूरिया के अलावा वरिंदर राज कपूरिया, संकेत, सोनू, रजत कपूर और निखिल कपिल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस की जांच में एक अन्य महिला आरोपी पलक देव का नाम सामने आया है। जब पुलिस ने महिला आरोपी पलक देव को समन कर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए। महिला ने जांच में शामिल होने से इन्कार कर दिया, जबकि पुलिस को पलक देव के खिलाफ अहम सबूत मिले हैं, जिससे यह साबित होता है कि इस फर्जी कॉल सेंटर कंपनी के कई अहम पासवर्ड और ठगी के पैसों को खातों में शिफ्ट करने के गेट-वे पता थे। इस मामले में डीजीपी को लिखी चिट्ठी में इंस्पेक्टर अमनजोत कौर ने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और एसपी ज्योति यादव के खिलाफ भी शिकायत की थी, जिसमें इंस्पेक्टर ने कहा कि उस पर मामले में पलक देव के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने और उन्हें झूठे केस में फंसाए जाने के आरोप लगाए हैं। इस पर अब डीजीपी ने एसआईटी गठित कर पूरे मामले की तहकीकात के आदेश दिए हैं।
शिक्षा मंत्री ने इंस्पेक्टर के आरोपों को झूठा ठहराया
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इंस्पेक्टर अमनजोत कौन्की ओर से उन पर और उनकी पत्नी आईपीएस ज्योति यादव पर लगाए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहीं हैं, वह इसके खिलाफ कोर्ट में मानहानि का मुकदमा करेंगे। मामले में एसआईटी गठित किए जाने से कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। एसआईटी अब इस मामले में सभी आरोपियों, शिकायतकर्ता इंस्पेक्टर अमनजोत कौर और अन्य लोगों से भी पूछताछ करेगी, जिनका इस मामले में नाम सामने आ रहा है।