हिमाचल पथ परिवहन ने शनिवार को चंडीगढ़ एयरपोर्ट से हिमाचल के लिए सीधी बस सेवा की शुरुआत की। अब एयरपोर्ट से धर्मशाला, शिमला और मनाली के लिए प्रतिदिन एक वॉल्वो बस चलेगी। हिमाचल प्रदेश के इंडस्ट्री व परिवहन मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि लोगों की मांग को देखते हुए यह सेवा शुरू की गई है। देश-विदेश से हिमाचल प्रदेश घूमने आने वाले लोगों को एयरपोर्ट से पहले चंडीगढ़ जाना होता था फिर वहां से बस या टैक्सी लेनी पड़ती थी। अभी प्रतिदिन एक वॉल्वो बस सेवा शुरू की गई है। भविष्य में जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। पहले दिन वॉल्वो में सफर करने वाले लोगों को परिवहन मंत्री ने फूल भेंटकर स्वागत किया।
भोपाल से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचे आर्यन शर्मा ने कहा कि मुझे भी पहले यही पता था कि चंडीगढ़ जाकर धर्मशाला के लिए टैक्सी या बस लेनी होगी। यहां आकर बस के बारे में पता चला तो काफी सहूलियत हुई। सामान लेकर परिवार के साथ इतनी दूर जाना मुश्किल होता है और खर्च भी बढ़ता है। उधर, हिमाचल पथ परिवहन के रीजनल मैनेजर डीएस नेगी ने समय सारिणी के बारे में जानकारी दी है।
चंडीगढ़ से जाने का समय और किराया
- चंडीगढ़ से शिमला के लिए शाम 6.30 बजे वॉल्वो रवाना होगी, जो रात 10 बजे पहुंचेगी। इसका किराया 450 रुपये है
- चंडीगढ़ से मनाली के लिए शाम 7.50 बजे वॉल्वो रवाना होगी, जो अगले दिन सुबह 6 बजे पहुंचेगी। इसका किराया 1172 रुपये है
- चंडीगढ़ से धर्मशाला के लिए दोपहर बाद 2.50 बजे वॉल्वो चलेगी, जो रात साढ़े 9 बजे पहुंचेगी। इसका किराया 616 रुपये है
हिमाचल से आने का समय
- शिमला से चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए दोपहर 12.25 बजे वॉल्वो चलेगी
- धर्मशाला से चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए सुबह 6.50 बजे बस चलेगी
- मनाली से चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए सुबह 9 बजे वॉल्वो रवाना होगी