पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को अपनी पार्टी को पंजाब में लांच किया।
इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बगैर उनके स्मार्ट सिटी बनाने के सपनों पर हमला किया। नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी स्मार्ट सिटी नहीं, बल्कि लोगों को स्मार्ट बनाने में यकीन रखती है। इस मौके पर उन्होंने संघ और नशा मुक्त भारत बनाने का भी एलान किया।
पार्टी को लांच करने के साथ नीतीश ने अपने दल के नवनियुक्त कन्वीनर मालविंदर सिंह सहित यहां मौजूद कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह सूबे में अपनी एक अलग पहचान कायम करें।
बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लोगों में प्रेम और सद्भाव को बनाने में भूमिका निभाते हुए उन्हें पार्टी से जोड़ें। झूठ बोलकर वोट मांगने और समाज में कड़वाहट घोलने वालों को सबक सिखाते हुए उन्हें बेनकाब करें।
नीतीश ने भाजपा और संघ के नेताओं पर जमकर निशाना साधा
पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि केंद्र में मौजूदा सरकार लोगों से कई वायदे करके सत्ता पर काबिज हुई है, लेकिन उन वादों को पूरा करने के नाम पर ऐसे कार्य करने में व्यस्त है, जिससे सामाजिक तानाबाना और आपसी भाईचारा प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने गोरक्षा का राग अलापने वाली भाजपा और संघ के नेताओं पर जमकर निशाना साधा। नीतीश ने कहा कि अगर उन्हें गोवंश से इतना प्यार था तो अब तक इनके लिए पर्याप्त संख्या में गोशालाओं का निर्माण क्यों नहीं किया गया।
नीतीश ने कहा कि घर वापसी और हिंदुत्व जैसे एजेंडे पर काम कर रही भाजपा और संघ से देश को बड़ा खतरा है। केंद्र में सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा ने बेरोजगारी समाप्त करने और किसानों को सपने दिखाए, लेकिन आज का युवा बेरोजगार है, देश में किसानों की हालत खराब है।
इस मौके पर पंजाब सिख सभा सहित मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों और अन्य संगठनों ने नीतीश कुमार को सम्मानित किया।
हमारी सरकार वायदा निभाती है : सीएम
नीतीश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के सीएम ने कहा कि हमारी सरकार केंद्र की तरह सत्ता हथियाने के लिए वायदे नहीं करती, बल्कि सत्ता संभालने के बाद इन वायदों को पूरा करने का काम भी करती है।
नशा मुक्त बिहार, महिलाओं के लिए आरक्षण, सड़कों का निर्माण और बेरोजगारों को भत्ते के अलावा ऐसी कई योजनाएं मुख्यमंत्री ने गिनाईं, जिन्हें पूरा करने का वायदा करके वह सत्ता में आए और उन्हें सत्ता में आने के बाद पूरा किया।
हर वर्ष 26 नवंबर को मनाया जाएगा नशामुक्ति दिवस
नीतीश कुमार ने कहा कि दसवें गुरु गोबिंद सिंह का जन्म बिहार के पटना साहिब में हुआ था और उनकी सरकार गुरु महाराज का 350वां प्रकाशोत्सव मना रही है।
वहीं चंपारण में महात्मा गांधी के सत्याग्रह आंदोलन के 100 वर्ष पूरे हुए हैं। इसलिए उन्होंने हर वर्ष 26 नवंबर को नशामुक्ति दिवस बनाने का निर्णय लिया है। उनका सपना है कि पूरा देश नशामुक्त और स्वस्थ बने।