चंडीगढ़ में एक बार फिर कोरोना संक्रमण बढ़ने लगा है। रविवार को एक महीने बाद नौ संक्रमित मिले। संक्रमण दर बढ़कर 0.75 प्रतिशत पहुंच गई है। सेक्टर 9 से 1, सेक्टर 16 से 3, सेक्टर 20 से 1, सेक्टर 40, 44, 49 और खुड्डा जस्सु से एक-एक मरीज मिले हैं। वहीं सात दिन की अवधि पूरा करने पर दो मरीजों को छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले 24 घंटे में 1199 मरीजों की जांच की। इनमें दो पुरुष और सात महिलाओं में संक्रमण की पुष्टि हुई।
12 से 14 साल तक के 1075 बच्चों ने लगवाया कोरोना टीका
कोरोना टीकाकरण अभियान में रविवार को 12 से 14 साल के 1075 बच्चों ने टीका लगवाया। अवकाश का दिन होने के बावजूद शहर के अस्पतालों के साथ विभिन्न स्कूलों में बनाए गए केंद्रों पर सुबह से दोपहर तीन बजे तक अभिभावकों के साथ बच्चे टीका लगवाने पहुंचे। गौरतलब है कि यूटी प्रशासक के सलाहकार के निर्देश के बाद स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के प्रयास से इस वर्ग के बच्चों के परिणाम में तेजी आई है।
शुरुआती दौर में तमाम प्रयास के बावजूद प्रतिदिन 300 से 400 बच्चों को ही टीका लगाया जा रहा था जबकि पिछले तीन दिनों से यह आंकड़ा एक हजार के पार है। 12 से 14 साल तक के लाभार्थियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अगले दो दिनों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसमें अस्पतालों के साथ शहर के आठ स्कूलों में टीकाकरण किया जाएगा।
दो दिनों तक यहां लगेगा टीका
जीएमएसएसएस सेक्टर-10, जीएसएसएस सेक्टर-45, जीएमएसएसएस सेक्टर-26, जीएमएसएसएस सेक्टर-38 वेस्ट, जीएमएचएस मलोया, जीएसएसएस मनीमाजरा टाउन, जीएमएसएसएस धनास, जीएमएचएस विकास नगर।