हरियाणा के नए सीआईडी प्रमुख विभाग को और मजबूत करने में जुट गए हैं। विभाग को पूरी तरह समझने के बाद एडीजीपी सीआईडी आलोक मित्तल वर्षों से मुख्यालय में जमे निरीक्षकों को इधर से उधर करवाने में लग गए हैं। बुधवार को डीजीपी मनोज यादव ने नौ सीआईडी पुलिस निरीक्षकों के तबादला आदेश जारी किए। इनमें से चार निरीक्षकों को मुख्यालय से हटाकर जिलों में लगाया गया है। जबकि, पांच निरीक्षक जिलों से मुख्यालय बुलाए गए हैं।
इन्हें नए सीआईडी प्रमुख का विश्वासपात्र माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मुख्यालय में लंबे समय से जमे सीआईडी निरीक्षकों को इसलिए बदला गया है ताकि विभाग की कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त किया जा सके। इसके अलावा खुफिया सूचनाएं भी लीक न हों। नए सीआईडी प्रमुख बड़ी ही मुस्तैदी से काम करना चाहते हैं।
माना जा रहा है कि आने वाले समय में सीआईडी में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं, चूंकि मित्तल केंद्र में सेवाएं देने के बाद हरियाणा लौटे हैं। वह केंद्रीय जांच एजेंसियों की तरह सीआईडी अधिकारियों को भी पेशेवर बनाना चाहते हैं ताकि सूचनाएं एकत्रित करने के अलावा सीआईडी के अर्थ क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट की अवधारणा को भी सार्थक किया जा सके। आने वाले समय में सीआईडी की कार्यप्रणाली भी बदलने की पूरी संभावना है। डीजीपी ने निर्देश दिए हैं कि तत्काल इन तबादलों को लागू माना जाए। किसी के खिलाफ कोई विभागीय जांच लंबित नहीं होनी चाहिए। न ही इनके गृह जिले में तबादला हो रहा हो।
ये निरीक्षक बदले गए
- देवेंद्र कुमार सीआईडी मुख्यालय से सोनीपत
- बलजीत कुमार मुख्यालय से दादरी
- धीरज कुमार मुख्यालय से फरीदाबाद
- नसीब सिंह मुख्यालय से कुरुक्षेत्र
- आनंद कुमार झज्जर से सीआईडी मुख्यालय
- देवेंद्र कुमार फरीदाबाद से मुख्यालय
- नवीन यादव सोनीपत से मुख्यालय
- राजदीप मोर रेवाड़ी से मुख्यालय
- देवेंद्र कुमार गुरुग्राम से मुख्यालय
यह भी देखें: हमारे चैनल को सब्सक्राइब करें-