आतंकी लखबीर सिंह संधू उर्फ लंडा।
- फोटो : ANI
पंजाब में आरपीजी अटैक का मास्टरमाइंड आतंकी लखबीर सिंह लंडा के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया। पंजाब के तरनतारन जिले के हरिके गांव का रहने वाला लखबीर फिलहाल कनाडा के एडमॉन्टन, अलबर्टा में छिपा है। एनआईए ने उसके खिलाफ पिछले साल 20 अगस्त को आईपीसी की धारा 120बी, 121, 121ए और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) 1967 की धारा 17, 18, 18-बी और 38 के तहत देश के विभिन्न हिस्सों में गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने का मामला दर्ज किया था।
एनआईए ने कहा, लखबीर से जुड़ी जानकारी एनआईए के दिल्ली स्थित मुख्यालय में 011-24368800 पर फोन कर या +91-8585931100 पर व्हाट्सएप व टेलीग्राम और do.nia a@gov.in पर मेल कर साझा की जा सकती है। एनआईए के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में 0172-2682900, 2682901 पर फोन कर, 7743002947 पर व्हाट्सएप व टेलीग्राम के जरिये और info-chd.nia@ gov.in पर मेल की जा सकती है।
जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उसे इनाम के तौर पर 15 लाख रुपये दिए जाएंगे। एनआईए ने पंजाब पुलिस के लखबीर के चार कथित साथियों को गिरफ्तार करने और उनके पास से मैगजीन और गोलियों के साथ चार देसी हथियार जब्त करने के महीनों बाद यह कदम उठाया है।
2017 में भाग गया था विदेश
लखबीर सिंह लंडा 2017 में हत्या, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस में नामजद होने के बाद कनाडा भाग गया था। 2021 में अमृतसर के पट्टी में दो अकाली कार्यकर्ताओं की हत्या में उसका नाम आया था। इसके बाद पुलिस ने केंद्र को रेड कॉर्नर के लिए लिखा। कुछ दिन पहले उसका तरनतारन के एक पुलिस मुलाजिम को धमकाने का वीडियो वायरल हुआ था।
आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता
पंजाब के मोहाली और तरनतारन में हुए आरपीजी अटैक का लखबीर मास्टरमाइंड है। उसने पाकिस्तान और पंजाब के स्थानीय गैंगस्टरों के साथ मिलकर हमले को अंजाम दिया था। हथियारों और ड्रग्स की सप्लाई के साथ आतंकी और गैंगस्टरों का उसने एक नेटवर्क बना रखा है। पंजाब में हुई कई टारगेट किलिंग में भी उसका नाम सामने आ चुका है।