हरियाणा के बेहतरीन पर्यटक स्थल मोरनी में इस बार न्यू ईयर होटल मालिकों के लिए फायदेमंद रहने वाला है। यहां समय से पहले ही सभी होटल बुक हो चुके हैं। कुछ में ही कमरे खाली हैं, जिनके मालिकों ने रेंट बढ़ा दिया है।
बता दें कि मोरनी में हर वर्ष न्यू ईयर पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व अन्य स्थानों से पर्यटक मोरनी में न्यू ईयर सेलिब्रेट करने आते हैं। लेकिन इस बार पर्यटकों की संख्या बढ़ने वाली है, क्योंकि हिमाचल में समय से पहले हुई बर्फबारी ने वहां पर पर्यटकों की संख्या को बढ़ा दी है, जिससे होटल मालिकों ने अपने कमरों से लेकर खाने तक के दामों में कई गुना वृद्धि कर दी है। वहां होटलों में ठहरने वाले लोगों को पार्किंग के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है।
न्यू ईयर के जश्न पर शांति बनाए रखने के लिए मोरनी चौकी भी मुस्तैद है। यहां बाहरी हुड़दंगियों को रोकने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। मोरनी चौकी इंचार्ज जिले सिंह ने बताया कि उनका उद्देश्य मोरनी आने वाले हर पर्यटक को सुरक्षा मुहैया करना है। उन्होंने मोरनी में आकर हुड़दंग मचाने वाले तत्वों को रोकने के लिए खास प्लान बनाया है।