आतंकी रिंदा ने ड्रोन से भिजवाए थे हथियार
जांच एजेंसियों की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि अगस्त महीने के आखिरी के दिनों में पाकिस्तान में सेटल आतंकी हरविंदर रिंदा ने हैप्पी के अनुसार हथियारों की खेप बॉर्डर के पास धनोया गांव में ड्रोन के जरिए भेजी थी। इस खेप में करीब 8 से 10 पिस्टलें, जिंदा कारतूस, आईईईडी सहित हैंड ग्रेनेड शामिल थे। रोहन अपने दो अन्य दोस्तों के साथ अमृतसर के गांव हरदो रत्न निवासी आकाशदीप व अमरजीत से मिलने के लिए गया था। वहां इन दोनों ने उसे दो पिस्टल, कुछ कारतूस, हैंड ग्रेनेड एचजी-84 व कुछ अन्य सामान भी दिया था। बाकी सामान आकाश और अमरजीत के ही पास था।
रोहन को अमृतसर में स्टेट स्पेशल आप्रेशन सेल की टीम द्वारा गिरफ्तार कर 19 सितंबर तक रिमांड पर लिया गया है। वहीं दूसरे आरोपी विशाल मसीह पुत्र सबी मसीह निवासी गांव रायमल निकट ध्यानपुर थाना कोटली सूरत मल्लियां, बटाला जिला गुरदासपुर को शनिवार देर शाम दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से भी एक पिस्टल, एक फर्जी पासपोर्ट व अन्य सामान सामान मिला है।
सूत्रों के मुताबिक वह हैप्पी पासिया द्वारा बताए गए एजेंट का इंतजार कर रहा था जिसने उसे दिल्ली से विदेश के लिए फ्लाइट में बैठाना था। लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ था और उससे पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी विशाल को भी दबोच लिया और उसे रविवार को पंजाब में अमृतसर ले जाया गया।