ढोल बजाकर काटेंगे डिफॉल्टर उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन
बिजली निगम ने बकाया बिल की राशि न दिए जाने पर जिले के डिफॉल्टर बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन ढोल बजाकर काटने का निर्णय लिया है। निगम ने उच्च अधिकारियों के निर्देश पर इस संबंध में योजना तैयार कर ली है। ये अभियान अगले वीरवार से शुरू किया जाएगा। जिले के करीब साढ़े तीन हजार उपभोक्ता इस दायरे में आते हैं और उन पर करीब 20 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया पड़ा है। ढोल वालों को निगम के अधिकारी किराये पर करेंगे। फिलहाल इस प्लानिंग को सिरे चढ़ाने के लिए बड़े डिफॉल्टर उपभोक्ताओं की छंटनी की जा रही है। ये कार्य मंगलवार या बुधवार तक पूरा होने का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार बिजली बिल अदायगी में रुचि न लेने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली निगम के अधिकारी अगले सप्ताह से ‘ढोल बजाकर कनेक्शन काटो मुहिम’ शुरू करने जा रहे है। स्थानीय अधिकारी इसके आदेश उच्चाधिकारियों से ले चुके हैं और इसका पूरा खाका तैयार हो चुका है। जिले में करीब साढ़े 22 हजार बिजली उपभोक्ताओं में से करीब साढ़े तीन हजार शहरी व ग्रामीण उपभोक्ता डिफॉल्टर की श्रेणी में आते हैं। इन पर कैटेगरी वाइज करीब 20 करोड़ रुपये का बिजली का बिल पेंडिंग पड़ा है। योजना के तहत डिफॉल्टर उपभोक्ता के घर पहुंचने से पहले विभाग एक नोटिस देकर बिल का भुगतान करने के लिए उसे अल्टीमेटम देगा।
इसके बाद भी अगर उपभोक्ता नहीं चेता तो फिर निगम के अधिकारी आगामी कार्रवाई अमल में लाएंगे। इसके तहत उपभोक्ता के घर के बाहर ढोल बजाया जाएगा और उसका बिजली कनेक्शन मौके पर पहुंचे अधिकारी व कर्मचारी काट देंगे। इससे पहले भी निगम ने करीब दो माह पहले डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटो मुहिम चलाई थी और इसके बाद करीब सवा करोड़ की राशि निगम के खाते में इन उपभोक्ताओं ने जमा भी करवाई। निगम अधिकारियों की मानें तो हाल फिलहाल ऐसे उपभोक्ताओं की छंटनी प्रक्रिया चल रही है और निगम की चार टीमें इसके लिए कार्य कर रही हैं।
चार माह में 1.21 करोड़ की हुई रिकवरी
- फोटो : Demo Pic
तीन दिन का थमाया जाएगा नोटिस
निगम के एसडीओ विक्रम परमार ने बताया कि डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के घर ढोल बजाने से पहले निगम की तरफ से एक नोटिस जारी किया जाएगा। इस नोटिस में उसे बिल की अदायगी के लिए तीन दिन का अधिकतम समय दिया जाएगा। अगर इस समय सीमा में भी उपभोक्ता बिल अदायगी नहीं करवाता है तो फिर उसका बिजली कनेक्शन काटने के लिए हम ढोल लेकर पहुंचेंगे।
शहरी व ग्रामीण उपभोक्ताओं पर ये बिल है बकाया
निगम अधिकारियों की मानें तो जिले में इस समय करीब साढ़े 22 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से शहरी पंद्रह हजार हैं जबकि साढ़े सात हजार ग्रामीण क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के 876 घरेलू उपभोक्ताओं की तरफ करीब पांच करोड़ दस लाख व गैर घरेलू 357 उपभोक्ताओं पर दो करोड़ 71 लाख की बिल राशि बकाया है। वहीं, निगम अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के 2496 उपभोक्ताओं की तरफ 11 करोड़ 80 लाख व गैर घरेलू 24 उपभोक्ताओं पर 43 लाख की बिल राशि बकाया है।
चार माह में 1.21 करोड़ की हुई रिकवरी
निगम के अधिकारियों ने बताया कि जनवरी माह में निगम ने रिकवरी के लिए कनेक्शन काटो अभियान चलाया था। इस दौरान निगम की टीमों ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के घर पहुंचकर बिल अदायगी ने करने पर कनेक्शन काटने का तर्क दिया था। इस दौरान करीब 896 उपभोक्ताओं ने अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान कर दिया था। गत जनवरी से लेकर अप्रैल माह तक 1.21 करोड़ की रिकवरी इन उपभोक्ताओं से निगम अधिकारियों ने की है। 2793 उपभोक्ताओं की तरफ निगम की अभी भी 19 करोड़ 26 लाख रुपये की राशि अटकी पड़ी है।
इन सेवाओं का भी उठा सकते हैं डिफॉल्टर उपभोक्ता फायदा
- फोटो : फाइल फोटो
इन सेवाओं का भी उठा सकते हैं डिफॉल्टर उपभोक्ता फायदा
निगम अधिकारियों ने बताया कि डिफॉल्टर उपभोक्ता बकाया बिल जमा करवाने के लिए कई स्कीमों का लाभ उठा सकते हैं। इनमें से बिल सरचार्ज माफी योजना के तहत वो छह किश्तों में बिजली बिल का भुगतान कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अगर किसी उपभोक्ता का बिजली बिल में कोई खामी है तो यह बिल शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के प्रति यूनिट निर्धारित रेट के हिसाब से बिल तैयार होगा।
हमने उच्चाधिकारियों की प्लानिंग पर इसका पूरा खाका तैयार कर लिया है। डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को हम पहले नोटिस देकर बिल भरने के लिए दिन का समय देंगे। इस दौरान अगर उसने बिल अदायगी की जहमत नहीं उठाई तो उसके घर के बाहर ढोल बजाकर बिजली कनेक्शन काट देंगे।
विक्रम सिंह परमार, एसडीओ, बिजली निगम