साक्षरता दर में अव्वल गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला, सोनीपत और पंचकूला जैसे हाईटेक शहर बेटियां बचाने में मेवात जिले से भी पिछड़ रहे हैं। मेवात की साक्षरता दर प्रदेश में सबसे कम है, लेकिन यहां का लिंगानुपात इन शहरों से काफी बेहतर है। इसी प्रकार, जींद, पानीपत और चरखीदादरी जिलों में भी कम साक्षरता होते हुए बेटियां अधिक पैदा हो रहीं हैं। लिंगानुपात में रोहतक अव्वल है, जबकि सोनीपत सबसे पीछे है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस साल प्रदेश में सितंबर माह तक प्रदेश में कुल 365393 बच्चों ने जन्म लिया। इनमें से 191662 लड़के और 173731 लड़कियां पैदा हुई। ऐसे में नौ माह में बेटों के मुकाबले 17931 बेटियां कम पैदा हुई हैं। इस समय प्रदेश का लिंगानुपात 906 पहुंचा है।
केंद्र व प्रदेश सरकार बेटियों को बचाने को लेकर लगातार कार्यक्रम चला रही है। लेकिन इसमें वे शहर ही पिछड़ रहे हैं, जहां पढ़े लिखे लोग अधिक हैं। गुरुग्राम में साक्षरता दर 84, पंचकूला, अंबाला और फरीदाबाद मे 81 प्रतिशत दर है। लेकिन ये सभी जिले लिंगानुपात में पिछड़ रहे हैं।
लिंगानुपात में लगातार हो रहा सुधार
हरियाणा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के शुभारंभ के समय वर्ष 2015 में प्रदेश में जन्म के समय लिंगानुपात 871 था। वर्ष 2019 में बढ़कर एक हजार लड़कों पर 923 लड़कियां हो गया है। वर्ष 2020 में भी आंकड़ा इतना ही रहा। कन्या भ्रूण हत्या रोकने और बेटियों के प्रति जागरूकता के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें: मंत्री के साथ वायरल फोटो: निहंग बाबा अमन सिंह बोले- बेअदबी मामले में हुई मुलाकात, अकेले नहीं गए, 8 निहंग सिख थे साथ
लिंगानुपात में रोहतक अव्वल, सोनीपत सबसे पीछे
जिला लड़के लड़की कुल जन्म लिंगानुपात
रोहतक 8436 8053 16489 955
चरखीदादरी 2200 2062 4262 937
पानीपत 10573 9834 20407 930
नूंह(मेवात) 19947 18383 38330 922
जींद 7524 6918 14442 919
सिरसा 7409 6811 14220 919
हिसार 12792 11712 24504 916
पंचकूला 4230 3848 8078 910
कुरुक्षेत्र 5849 5307 11147 909
महेंद्रगढ़ 4810 4353 9163 905
यमुनानगर 8659 7814 16473 902
गुरुग्राम 13503 12169 256742 901
पलवल 9875 8875 18750 899
कैथल 6531 5861 12392 897
भिवानी 7284 6536 13820 897
करनाल 9930 8900 18830 896
फरीदाबाद 16137 14460 30597 896
रेवाड़ी 6757 6028 12785 892
अंबाला 7349 6546 13895 891
फतेहाबाद 6431 5673 12104 882
झज्जर 3902 3435 7337 880
सोनीपत 11543 10153 21696 880
हरियाणा 191662 173731 365393 906