पंजाब में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले मंत्रियों के नामों की घोषणा के बाद शपथ ग्रहण आज होने वाला है। चुने गए मंत्री शाम साढ़े चार बजे शपथ लेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से मिलकर शपथ ग्रहण का समय मांगा था।
इन मंत्रियों को फिर मिला मौका
चरणजीत सिंह चन्नी - मुख्यमंत्री
सुखजिंदर सिंह रंधावा - उपमुख्यमंत्री
ओपी सोनी - उपमुख्यमंत्री
ब्रह्म मोहिंदरा
तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा
मनप्रीत सिंह बादल
विजय इंदर सिंगला
सुखबिंदर सिंह सरकारिया
रजिया सुल्ताना
भारत भूषण आशु
अरुणा चौधरी
(कैप्टन कैबिनेट के जिन मंत्रियों को नए मंत्रिमंडल में भी मौका मिल रहा है, उनके लिए अंतिम फैसला हाईकमान द्वारा लिया गया है। यह लगभग सभी मंत्री पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेताओं में शुमार हैं और पार्टी चुनावी सीजन में ऐसे अनुभवी नेताओं को नजरअंदाज करने का जोखिम नहीं उठा सकती।)
नए मंत्रिमंडल में इन्हें जगह नहीं
राणा गुरमीत सिंह सोढी
सुंदर श्याम अरोड़ा
बलबीर सिंह सिद्धू
गुरप्रीत सिंह कांगड़
साधू सिंह धर्मसोत
(कैप्टन-सिद्धू विवाद के बीते पांच माह के दौरान कैप्टन सरकार के वह मंत्री जो विरोधी खेमे के खिलाफ सबसे ज्यादा मुखर रहे, लेकिन हाईकमान में उतनी मजबूत पैठ न होने के कारण चन्नी और सिद्धू की जोड़ी द्वारा आसानी से बाहर कर दिए गए हैं)
कैप्टन का आशीर्वाद लेने जाएंगे : चन्नी
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शनिवार को कहा कि वह रविवार को मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों के शपथ ग्रहण करने के बाद, जल्दी ही पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलने जाएंगे और उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि वह स्वयं और उनकी कैबिनेट के सभी मंत्री कैप्टन से मिलेंगे।
सभी मंत्रियों को मिलेंगी नई इनोवा गाड़ियां
चन्नी मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों के लिए जहां सरकारी बंगलों के अलॉटमेंट की तैयारी शुरू हो गई है, वहीं राज्य सरकार ने सभी मंत्रियों को नई इनोवा गाड़ियां देने का फैसला किया है। पता चला है कि सरकार ने इस मद में सवा चार करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। यानी शपथ ग्रहण के बाद अगले हफ्ते सभी मंत्री नई गाड़ियों में नजर आएं तो हैरान होने की जरूरत नहीं है।