पंजाब चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू पूरी तरह से सक्रिय होकर प्रदेश की नब्ज टटोलने में लग गए हैं। सिद्धू ने सूबे का फीड बैक लेने के लिए गुरुवार को पंजाब चुनाव समिति की बैठक से पहले 82 जिला प्रधानों और कार्यकारी प्रधानों की बैठक बुला ली है। बैठक में सिद्धू सभी जिलाध्यक्षों के साथ चुनाव पर चर्चा करेंगे।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस गुरुवार को यहां कांग्रेस भवन में नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाकर चुनावों पर चर्चा करेगी। बैठक की अध्यक्षता पंजाब में पार्टी प्रभारी हरीश चौधरी करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर आगामी 2022 विधानसभा चुनाव पर चर्चा के लिए सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की बैठक शाम चार बजे कांग्रेस भवन चंडीगढ़ में बुलाई है।
जिलाध्यक्षों से बैठक के बाद मिले प्रदेश के फीडबैक को लेकर पंजाब चुनाव प्रचार समिति की बुलाई गई बैठक में चर्चा की जाएगी। पंजाब चुनाव को लेकर पार्टी आलाकमान के निर्देश पर 29 सदस्यीय पंजाब चुनाव समिति आहुत की गई है। जिसमें समिति प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू सहित मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को शामिल किया गया है।