मुक्तसर जिले के गांव भंगचड़ी के किसान परिवार से संबंधित दिलजीत पाल सिंह बराड़ कनाडा के विनीपेग शहर से विधायक चुने गए हैं। दिलजीत पाल सिंह की इस उपलब्धि पर उनके स्थानीय परिजन और रिश्तेदार गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। दिलजीत पाल का परिवार इस समय मुक्तसर में ही रह रहा है। खुशी में उनके गांव व मुक्तसर स्थित निवास व रिश्तेदारों के यहां मिठाइयां बंट रही हैं।
दिलजीत के पिता मंगल सिंह व माता अमरजीत कौर का कहना है कि उनका कोई सियासी बैकग्राउंड नहीं है। वे तो किसान परिवार से संबंध रखते हैं। उनका दूसरा बेटा भी कैलीफोर्निया में रहता है। वहां के लोगों के कहने पर दिलजीत ने ये चुनाव लड़ा था और लोगों के दिलों में बनाई जगह के चलते ही वह चुनाव जीतकर विधायक बन गया।
गौरतलब है कि गांव में ही छठी तक पढ़ाई करने के बाद दिलजीत ने दसवीं तक की शिक्षा गांव रुपाणा के सरकारी स्कूल से हासिल की। इसके बाद डीएवी चंडीगढ़ से प्लस टू करने के बाद उन्होंने पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया। चंडीगढ़ में उन्होंने बीएससी एग्रीकल्चर करने के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी भी की।
नौकरी के दौरान वह गुरदासपुर, फतेहगढ़ साहिब और लुधियाना में भी रहे। 2010 में वह कनाडा चले गए। वहां पहले सरी में और बाद में विनिपेग के मोनीटोबा में रहने लगे जहां के लोगों के दिलों में उन्होंने अपनी जगह बना ली और अब ये चुनाव जीत विधायक बन गए।