पंजाब के मोहाली जिले के गांव सोलखीयां साहिब के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रहीं दो महिलाओं की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है। जानकारी के अनुसार शहर निवासी कुलवीर कौर (35) और उनकी माता कमलजीत कौर (60 ) गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह सोलखियां साहिब में माथा टेकने जा रही थीं कि गांव चकला के पास एक अज्ञात वाहन ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी और दोनों को बुरी तरह से कुचल दिया। इस कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में टक्कर मारने वाला वाहन टिप्पर बताया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अज्ञात टिप्पर और चालक की तलाश कर रही है। मां और बेटी लंबे समय से खालसा स्कूल के पास स्थित कॉलोनी में रह रही थीं।
सड़क हादसे में 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत
उधर, पंचकूला-शिमला हाईवे पर शनिवार रात करीब करीब 10 बजे एक सड़क हादसे में 53 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान विनोद कुमार निवासी मनीमाजरा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। लोगों ने बताया कि कार चालक मौके से फरार हो गया था।
जांच अधिकारी ने बताया कि विनोद अपनी बाइक पर पंचकूला से जीरकपुर जा रहा था। जैसे ही वह बलटाना लाइट प्वाइंट के नजदीक पहुंचा तो पीछे से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। इस कारण वह सड़क पर ही गिर गया और उसकी मौके पर मौत हो गई।