हरियाणा के सरकारी स्कूलों में जल्दी तीन हजार से अधिक टीजीटी की ज्वाइनिंग होगी। भर्ती प्रक्रिया को लेकर न्यायालय में चल रहा विवाद सरकार ने सुलझा लिया है। स्कूल शिक्षा विभाग जल्द ज्वाइनिंग प्रक्रिया शुरू करेगा। जिलों में शिक्षकों की अस्थायी नियुक्ति के लिए डीईओ, डीईईओ को शक्तियां सौंपी जाएंगी। पहली से तीसरी कक्षा तक विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के अनुसार मुफ्त किताबें उपलब्ध करवा दी गई हैं। चौथी से 8वीं तक के विद्यार्थियों को जुलाई माह तक पुस्तकें देने का लक्ष्य रखा गया है। शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पुस्तक वितरण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जल्द विभाग की बैठक बुला रहे हैं। जिन सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, वहां पर अस्थायी रूप से शिक्षक भेजे जाएंगे। एक वर्ष में शिक्षकों की नई भर्ती पूरी कर कमी दूर कर ली जाएगी। विद्यार्थियों को अब तक 3 लाख 7 हजार टैबलेट बांटे जा चुके हैं, शेष 2 लाख और टैब जल्द ही प्रदान किए जाएंगे। गर्मी की छुट्टियों में ऑनलाइन कक्षाओं को लेकर 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों में खासा उत्साह है।
युवा पीढ़ी को दी जा रही इतिहास की सही जानकारी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि वीर सावरकर को लेकर स्कूली पाठ्यक्रम में पहले भी पढ़ाया जा रहा था और आगे भी पढ़ाया जाएगा। युवा पीढ़ी को इतिहास की सही जानकारी दी जा रही है। देश की आजादी में महापुरुषों ने अपने-अपने तरीके से अहम योगदान देकर अपने बलिदान और संघर्ष से देश को आजाद करवाया। यह केवल इतिहास में घटित घटनाएं हैं, उनसे ही युवा पीढ़ी को अवगत करवा रहे हैं।