आप कार पूलिंग करना चाहते हैं या बाइक पूलिंग, आपके लिए तरीका बेहद आसान है। अपने एंड्रायड फोन में गूगल प्ले पर जाएं और डाउनलोड करें महापूल। फिर रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद आप आसानी से बाइक या कार पूलिंग कर सकेंगे।
कार पुलिंग से कम होगा प्रदूषण
मोबाइल ऐप को डेवलप किया है पंचकूला सेक्टर-5 स्थित साफ्टवेयर कंपनी mahapool.com के आईटी एक्सपर्ट भारत भूषण ने। उन्होंने बताया कि विदेशों में कार और बाइक पूलिंग का कांसेप्ट है।
इससे प्रदूषण भी नहीं फैलता और सड़कों से वाहनों का बोझ भी कम होता है। इसीलिए उन्होंने ऐप डेवलप की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में उन्होंने कार पूलिंग के लिए एप डेवलप करने की योजना बनाई। सिस्टम पेंटेंट करवाया।
ऐसे होगा रजिस्ट्रेशन
भारत भूषण ने कहा कि गूगल प्ले स्टोर में महापूल ऐप है। उसको डाउनलोड करने के बाद रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसमें फोटो, पैनकार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आईकार्ड की फोटो अपलोड करनी आवश्यक है। इसके बाद सौ रुपये का न्यूनतम रिचार्ज भी आवश्यक है।
ऐसे करेगी यह ऐप काम
आपके पास कार है और एंड्रायड फोन पर आप महापूल पर रजिस्टर्ड हैं और आप चंडीगढ़ से पंचकूला जा रहे हैं तो आपको यह जानकारी ऐप में देनी होगी।
आपकी दी गई इस जानकारी के आधार पर दूसरे व्यक्ति को (जो इसी एप पर रजिस्टर्ड है) एप जीपीएस यानी ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम पर काम करेगी।
जैसे ही आप एक किलोमीटर के दायरे में आएंगे और आपकी लोकेशन दूसरे को दिखाई देने लगेगी। कार समीप आने पर आपकी फोटो सामने वाले को दिखाई दे जाएगी।
एक दिन में चार बार
ऐसा नहीं है कि इस एप्लीकेशन का उपयोग करके कोई दिनभर कार पूलिंग करे। इसमें अधिकतम सीमा एक दिन में चार बार पूलिंग करने की दी गई है।