शहर के 11 गवर्नमेंट और प्राइवेट कॉलेजों में 2016-17 सत्र में दाखिले का दौर जारी है। 7 जुलाई से दाखिले के लिए काउंसिलिंग में 95 फीसदी सीटें भर चुकी हैं। शहर के कॉलेजों में 15 फीसदी सीटें चंडीगढ़ से बाहर के स्टूडेंट के लिए हैं। पहले पसंद के कोर्स और अब हॉस्टल के लिए कॉलेजों में मारामारी चल रही है। शहर के प्राइवेट और गवर्नमेंट दोनों ही कॉलेजों में हॉस्टल के लिए लंबी वेटिंग लिस्ट है। जानकारी के अनुसार हॉस्टल में किसी भी संकाय में 85 फीसदी से कम अंक पर हॉस्टल नहीं मिल रहे हैं। बाहरी स्टूडेंट हॉस्टल में दाखिले को ही पहली प्राथमिकता दे रहे हैं। एमसीएम-36 और एसडी कॉलेज में पहली ही काउंसिलिंग में हॉस्टल की सभी सीटें भर चुकी हैं। एमसीएम में प्रथम वर्ष की 500 सीटों के लिए 2500 से अधिक आवेदन फॉर्म आए थे। 85 फीसदी से नीचे दाखिला नहीं दिया गया।
सेक्टर-11 स्थित जीसीजी कॉलेज प्रिंसिपल प्रो. अनीता कौशल ने बताया कि हॉस्टल की सभी सीटें पहले ही दिन भर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि हॉस्टल के लिए कट ऑफ, स्ट्रीम की कट ऑफ से अधिक रहा है। अब सिर्फ दूसरे और तीसरे वर्ष की छात्राओं को हॉस्टल में दाखिला मिलेगा। जीसी-11 के तीन हॉस्टल के लिए मेरिट लिस्ट सोमवार को जारी कर दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार पहली कट ऑफ 88 फीसदी रहने की उम्मीद है। चीफ वार्डन डॉ. देवराज जाट ने बताया कि कॉलेजों में दो हॉस्टल ब्वॉयज और एक लड़कियों के लिए हैं। इनमें करीब 500 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज हॉस्टल में 500 सीटें लड़कियों और 250 सीटें लड़कियों के लिए हैं। पहली कट ऑफ 80 से 85 फीसदी रही है। उन्होंने बताया कि हॉस्टल के लिए काफी डिमांड है।
कॉलेज हॉस्टल में एसी कमरों की सुविधा भी
शहर के कॉलेज अब स्टूडेंट्स की डिमांड पर होटल की तर्ज पर सुविधाएं दे रहे हैं। शहर के कई प्राइेवट कॉलेज स्टूडेंट को एसी रूम की सुविधा भी दे रहे हैं। डीएवी कॉलेज हॉस्टल स्टूडेंट से सालाना 85 हजार लेते हैं। एसी कमरे के लिए 20 हजार अतिरिक्त देने पड़ते हैं। सेक्टर-36 स्थित एमसीएम कॉलेज हॉस्टल की सालाना फीस 80 हजार है। यहां भी एसी की सुविधा मिलेगी। सेक्टर-45 स्थित देव समाज कॉलेज फॉर वुमन में हॉस्टल की सालाना फीस 68 हजार 500 रुपये है। एसी सुविधा के लिए 20 हजार अतिरिक्त देने होंगे।
हॉस्टल के मामले में शहर के गवर्नमेंट कॉलेज काफी सस्ते हैं। गवर्नमेंट कॉलेज हॉस्टल की फीस करीब 20 हजार है। जिसमें 10 हजार सिक्योरिटी है।