महम चौबीसी के छोरे सीसर गांव निवासी परमिंदर ने चौबीसी के ऐतिहासिक चबूतरे पर 46.27 सेकेंड में 58 पुशअप लगाकर गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में शामिल होने का दावा पेश किया है। उसने पुशअप कमर पर 27.5 किग्रा वजन बांध कर लगाई। इससे पहले 27 किग्रा वजन कमर पर बांध कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में रिकार्ड आस्ट्रेलिया के नेल ब्रेंट के नाम है। परमिंदर राजकीय वरिष्ट माध्यमिक विद्यालय महम में पीटीआई के पद पर कार्यरत हैं।
बृहस्पतिवार को उसके रिकॉर्ड को जिले के अधिकारियों ने रिकार्ड किया। एसडीएम महम डॉ. मुनीष नागपाल, तहसीलदार दिनेश लुहाच, जिला खेल अधिकारी ओमपती, हरिपाल, संजीत गिल सहित अनेक शिक्षा अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। जिला खेल अधिकारी ने स्टॉप वाच को देखा वहीं जिला उपशिक्षा अधिकारी हरिपाल ने पुशअप की गिनती की।
परमिंदर ने बताया कि उसे यह प्रेरणा नान्दल गांव के खिलाड़ियों से मिली जब वहां के खिलाड़ी 3700 से ज्यादा दंड बैठक लगा देते थे। वहीं से उनको भी कुछ नया करने का जज्बा पैदा हुआ। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड रिकॉर्ड की संस्था गिनीज बुक से मेल मिला और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए यह सब कर उसकी रिकॉडिंग भेजने को कहा।