पठानकोट में एनआरआई मिलनी समारोह में पहुंचे सीएम भगवंत मान
- फोटो : संवाद
पंजाब सरकार की ओर से प्रवासी पंजाबी भारतीयों के साथ आज धारकलां तहसील में पड़ते चमरोड पतन (मिनी गोवा) में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान भी शामिल हुए।
बैठक के बाद सीएम मान ने कहा कि पंजाबी पूरी दुनिया में रहते हैं और वे पूरी दुनिया में कामयाब हैं..... पंजाबी यहां से शारीरिक तौर पर चले गए लेकिन मन उनका यहीं है। वे सिस्टम से दुखी होकर गए हैं। अब हमने यहां काफी हद तक सिस्टम ठीक कर लिया है। अब उनका वापस आना शुरू हो गया है। पंजाबी अब यहां व्यापार करना चाहते हैं। पहले यहां भ्रष्टाचार था अब वह सब खत्म हो चुका है।
मिनी गोवा में एनआरआई मिलनी समारोह शुरू हो गया है। समारोह में पठानकोट, होशियारपुर, गुरदासपुर, अमृतसर समेत भिन्न शहरों से एनआरआई पहुंच गए हैं। जिलेवार एनआरआई की समस्याएं नोट की जा रही है। एनआरआई ने अमृतसर से कनाडा डायरेक्ट फ्लाइट का मुद्दा भी उठाया। एनआरआई जमीन जायदाद, पैसों के लेनदेन, विकास कार्यों जैसे मुद्दे लेकर आएं हैं।
समारोह में प्रत्येक जिले से 250 एनआरआई बुलाए गए थे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रवासी पंजाब भारतीय को पेश आ रही मुश्किलों एवं उनकी शिकायतों का हल करना हैं।
मिनी गोवा की खासियत
मिनी गोवा में पंजाब ही नहीं बल्कि दूसरे राज्यों से भी पर्यटक पॉवर पैराग्लाइडिंग और जिप लाइन ड्राइव का लुत्फ, धारकलां की पहाड़ियों में एडवेंचर का मजा, रंजीत सागर की झील में बोटिंग, बाइक राइडिंग का आनंद लेने के लिए आते हैं।