चंडीगढ़। दिल्ली के सांसद एवं भोजपुरी फिल्म स्टार मनोज तिवारी ने सोमवार को शहर में सात जनसभाएं कीं। हर जनसभा में उन्होंने भोजपुरी गाने गाकर लोगों को लुभाया और भाजपा प्रत्याशियों के हक में वोट मांगा। उनकी सभाएं शहर के उन इलाकों में हुईं, जहां यूपी-बिहार के लोगों की संख्या ज्यादा है।
मनोज तिवारी ने वार्ड नंबर-3 से पार्टी प्रत्याशी दिलीप शर्मा के समर्थन में बापूधाम कॉलोनी, विमला दुबे के समर्थन में कॉलोनी नंबर-4, वार्ड-21 से भाजपा प्रत्याशी देवेश मोदगिल के समर्थन में गांव फैदां, वार्ड-10 से भाजपा प्रत्याशी राशि भसीन के समर्थन में सेक्टर-29, वार्ड-33 के प्रत्याशी कंवरजीत सिंह राणा के समर्थन में बुड़ैल, वार्ड-29 के प्रत्याशी रविंदर पठानिया के समर्थन में सेक्टर-56 तथा वार्ड-31 से पार्टी प्रत्याशी भरत कुमार के समर्थन में कजहेड़ी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
तिवारी ने कहा कि चंडीगढ़ वासियों के लगातार फोन आ रहे थे, जिसके चलते उन्हें यहां प्रचार के लिए दोबारा आना पड़ा। उन्होंने पूर्वांचल समाज के लोगों को भाजपा के समर्थन में एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उन लोगों को संरक्षण दे रही है, जिन्होंने हमेशा सार्वजनिक मंच से इस देश को तोड़ने और टुकड़े करने की बात की है। कहा कि भाजपा जहां जोड़ने में विश्वास करती है। इस अवसर पर भाजपा के महामंत्री रामवीर भट्टी, वार्ड अध्यक्ष रघवीर सिंह, चमनलाल, अवि भसीन, सतवीर सिंह, रोहित कुमार, नारायण प्रसाद व ललित चौहान समेत कई गणमान्य मौजूद थे।