माकपा की पंजाब इकाई प्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर कांग्रेसी और अकाली-भाजपा उम्मीदवारों को हराने के लिए आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन दे सकती है।
माकपा की प्रदेश इकाई ने फिलहाल इस बारे में कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, फिर भी पार्टी ने यह तय कर लिया है कि राज्य में जिन सीटों पर माकपा और भाकपा के प्रत्याशी नहीं लड़ रहे, वहां ऐसे उम्मीदवारों को समर्थन दिया जाए जो कांग्रेस और शिअद-भाजपा प्रत्याशियों को हराने में सक्षम हों। दो दिन पहले ही भाकपा ने खडूर साहिब सीट पर आप प्रत्याशी को समर्थन देने का फैसला किया है।
हालांकि भाकपा आप उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार नहीं करेगी। माकपा की पंजाब इकाई के प्रदेश सचिव कामरेड चरण सिंह विर्दी के अनुसार, पार्टी जल्दी ही फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि लुधियाना, श्री आनंदपुर साहिब और संगरूर लोकसभा सीटों पर उनकी पार्टी के उम्मीदवार मैदान में हैं।
इसके अलावा पार्टी अमृतसर और फरीदकोट में भाकपा को समर्थन कर रही है जबकि जालंधर और खडूर साहिब लोकसभा सीटों पर माकपा (पंजाब) के उम्मीदवारों को समर्थन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाकी छह सीटों पर वामपंथी, लोकतांत्रिक व धर्मनिरपेक्ष हितों का ध्यान रखते हुए पार्टी जल्दी ही वाजिब उम्मीदवारों के समर्थन की घोषणा करेगी।
माना जा रहा है कि माकपा कुछ सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों को समर्थन की घोषणा करेगी। दो दिन पहले माकपा की प्रदेश इकाई की एक बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि जिन सीटों पर वामदलों के उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ रहे, वहां अकाली-भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को हराने के लिए उन प्रत्याशियों की मदद कर दी जाए जो कि उन्हें पराजित करने में सक्षम हों।
हालांकि उम्मीदवारों के संबंध में फैसले की औपचारिक घोषणा आगामी 20 अप्रैल को पार्टी महासचिव प्रकाश करात के चंडीगढ़ दौरे के दौरान होने की संभावना है।