जालंधर। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों की तस्करी और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 3 पिस्टल (.32 बोर), 1 ग्लॉक पिस्टल, 39 राउंड और एक स्विफ्ट कार बरामद हुई।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के दिशा-निर्देशों पर टीम का नेतृत्व मनजिंदर सिंह ने किया। को नंगल शामा चौक पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका गया। तलाशी के दौरान कार की ड्राइवर सीट के नीचे से एक .32 बोर पिस्टल और 05 राउंड बरामद हुए। इसके बाद थाना रामामंडी में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में आरोपी याकूब अली की निशानदेही पर अतिरिक्त 2 .32 बोर पिस्टल, 30 राउंड और 1 ग्लॉक पिस्टल के 4 राउंड बरामद किए गए। पूछताछ में जॉबन मसीह और उसके बेटे आशीष मसीह उर्फ राजा भी मामले में नामजद हुए। जॉबन मसीह को गिरफ्तार किया गया है, जबकि आशीष मसीह फिलहाल केंद्रीय जेल होशियारपुर में बंद है और प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपियों के पिछले अपराध और आगे के आपराधिक लिंक की जांच जारी है, जिससे गैंगस्टर नेटवर्क और हथियारों की तस्करी का बड़ा पर्दाफाश किया जाएगा। संवाद