मल्ली हत्याकांड के गवाह रोहित को फोन कर धमकाने के मामले में सेक्टर- 17 थाना पुलिस ने गुरुवार को सीजेएम अमन इंदर सिंह की कोर्ट में आरोपी संजीव महाजन का प्रॉडक्शन वारंट मांगा है। अगली सुनवाई 29 नवंबर को होगी। जांच अधिकारी ने अदालत में कहा कि संजीव महाजन ने फोन करके सेक्टर 17 में हुए जींद निवासी मल्ली की हत्या के गवाह और शिकायतकर्ता रोहित को धमकी दी है। उसे केस से हटने के लिए कहा गया है।
सत्यता का पता लगाने के लिए संजीव महाजन से पूछताछ जरूरी है, जिसके लिए प्रोडक्शन वारंट दिया जाए। सुनवाई के दौरान जज ने पुलिस को मामले से संबंधित कॉल डिटेल और टावर लोकेशन 29 नवंबर को सुनवाई के दौरान अदालत में पेश करने के लिए कहा है। इस दिन पुलिस अदालत में संबंधित दस्तावेज पेश करेगी। इसके बाद ही संजीव महाजन की प्रॉडक्शन वारंट की अर्जी पर सुनवाई होगी।
पुलिस बोली- महाजन ने किया था नितिन के फोन का इस्तेमाल
पुलिस के मुताबिक, संजीव महाजन ने नितिन नामक युवक के फोन से रोहित को धमकी दी थी। पूछताछ में नितिन ने बताया कि 11 नवंबर को वह अपने दोस्त महाजन से मिला था। वहां विकास बॉक्सर का भाई प्रवीण भी था। उसी दिन महाजन ने रोहित को फोन किया था। गौरतलब है कि संजीव महाजन ने कुछ लोगों के साथ मिलकर सेक्टर- 37 की कोठी हड़प ली थी। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करते हुए 1 मार्च को गिरफ्तार किया था, वह तब से जेल में ही है।