लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में पंजाब की 13, चंडीगढ़ की एक सीट पर रविवार को जमकर वोटिंग हुई। पंजाब में हिंसा के बीच 65.79 फीसदी मतदान हुआ। चंडीगढ़ में 70 फीसदी वोटिंग हुई। पिछली बार 2014 में पंजाब में लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड 70.63 फीसदी वोट पड़े थे।
पंजाब के लोकसभा क्षेत्र खड़ूर साहिब के सरली कलां पोलिंग बूथ के बाहर वोट डालकर लौट रहे कांग्रेस समर्थक बंटी सिंह की दो व्यक्तियों ने दातर और हॉकी मारकर हत्या कर दी। मृतक के पिता का आरोप है कि हमलावर अकाली दल के समर्थक थे।
वहीं तलवंडी साबो में अकाली वर्करों पर कुछ लोगों ने फायरिंग की, जिसमें दो अकाली वर्कर गंभीर रूप से घायल हो गए। लंबी में दो अकाली दल के पोलिंग एजेंटो से मारपीट का मामला भी सामने आया है। इनके अलावा बठिंडा जिले के गांव कांगड़ में शिअद व कांग्रेसी वर्करों में टकराव और समराला के गांव कलालमाजरा में पीडीए और कांग्रेस वर्करों में मारपीट की घटनाएं भी हुईं।