राहुल गांधी ने जनसभा में 'चौकीदार चोर है' के नारे लगवाए और कहा कि मनमोहन सिंह पर तंज कसने वाले पीएम मोदी का देश भर में मजाक उड़ रहा है। फरीदकोट से कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद सदीक के समर्थन में बुधवार को खेल स्टेडियम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे हमले किए। राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत कर सबसे पहले लोगों से ‘चौकीदार चोर है’ के नारे लगवाए।
उन्होंने कहा कि पांच साल पहले नरेंद्र मोदी द्वारा 10 साल प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह का मजाक उड़ाया गया, लेकिन अब पूरा देश मोदी का मजाक उड़ा रहा है। उन्होंने दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने और 15 लाख खाते में डालने का वादा किया, जिसे वह पूरा नहीं कर पाए। नोटबंदी और जीएसटी लागू करके देश की आर्थिकता को तहस नहस कर डाला। रोजगार तो क्या देने थे, नोटबंदी और जीएसटी से व्यापार खत्म हो गए, जिससे लोग बेरोजगार हो गए।
राहुल ने कहा कि कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय योजना से व्यापार जगत में भी रौनक लौटेगी। भाजपा कह रही है कि इतना पैसा कहां से आएगा, तो हम बता दें कि गरीबों के खाते में पैसे डालने के लिए अनिल अंबानी, नीरव मोदी जैसे लोगों के बैंक खातों से पैसा निकाला जाएगा जिन्हें मोदी सरकार ने गलत ढंग से फायदा पहुंचाया है। हालांकि बरगाड़ी में जनसभा होने के बावजूद राहुल गांधी ने बरगाड़ी बेअदबी मामले पर कुछ ज्यादा नहीं बोला।