लोकसभा चुनाव 2019 में चंडीगढ़ से कांग्रेस की टिकट के लिए एक और ने आवेदन कर दिया है। ऐसे में अब पांच उम्मीदवार हो गए हैं। बडहेड़ी गांव के राजिंदर सिंह ने भी चंडीगढ़ से एकमात्र लोकसभा सीट से लड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा को आवेदन कर कांग्रेस की तरफ से खुद को मजबूत दावेदार बताया है।
राजिंदर सिंह ने कहा कि वे पिछले आठ वर्षों से पार्टी के साथ अपने संगठनों को लेकर हर चुनाव और संघर्ष में साथ रहे हैं। राजिंदर सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ का निवासी हूं। मेरा जन्म भी यहीं हुआ है। जब अंबाला जिला था और हमारे गांव की तहसील खरड़ थी। राजिंदर सिंह के आवेदन के बाद कांग्रेस के दावेदारों की संख्या पांच हो गई है।
बता दें कि पिछले दिनों सबसे पहले पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने चंडीगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया था। उसके बाद मनीष तिवारी ने भी प्रदीप छाबड़ा से मुलाकात कर लिखित में दावेदारी सौंपी थी। उसके बाद सविता सिसोदिया ने भी आवेदन किया है।
वहीं, शहर के कांग्रेस नेता, पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल भी लोकसभा सीट से लड़ने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं।