पूर्व आर्मी चीफ जनरल जेजे सिंह ने बुधवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) से इस्तीफा दे दिया। अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को भेजे अपने इस्तीफे में जनरल सिंह ने इस्तीफे का कारण निजी बताया है। इस्तीफा देने के बाद जनरल सिंह ने पंजाब के लोगों के नाम एक संदेश जारी किया है, जिसमें उन्होंने शिअद लीडरशिप से अपनी नाराजगी जताई है।
जनरल सिंह ने अकाली दल से इस्तीफा देने के साथ-साथ शिअद एक्ससर्विसमैन विंग के प्रेसीडेंट के ओहदे से भी इस्तीफा दे दिया है। जनरल सिंह ने पंजाब के लोगों के नाम दिए संदेश में लिखा है कि उन्होंने बेहद भारी मन से शिअद और शिअद एक्स सर्विसमैन विंग के प्रेसीडेंट पद से इस्तीफा दिया है। साथ ही लिखा है कि वह अकाली लीडरशिप की पिछले कुछ वर्षों के दौरान रही गतिविधियों से नाखुश थे। जिनकी वजह से अकाली दल के खिलाफ काफी रोष प्रदर्शन, रोष मार्च व धरने हो रहे थे। इन सारे प्रदर्शनों ने टीवी व सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरी हैं।