बेटे के सिर पर सेहरा बंधने की खुशी मां के चेहरे से झलकी और वो ढोल की थाप पर जमकर नाची। कपिल शर्मा की मां जनक का एक डांस वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो कपिल के घर पर माता की चौकी का है। इसे एक फैन पेज ने शेयर किया है, जिसमें सिंगर ऋचा शर्मा भक्ति सॉन्ग गाती नजर आ रही हैं। वीडियो में कपिल की मां खुशी से झूम रही हैं। वहीं कपिल अपने दोस्तों के साथ बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
कपिल की शादी में पहुंचे बॉलीवुड कलाकार
पिछले कुछ दिनों से कपिल शर्मा-गिन्नी चतरथ के लावां-फेरे मौके बॉलीवुड से दिग्गज अदाकारों के आने की संभावना जताई जा रही है। मगर कपिल के करीबी व पारिवारिक सदस्य अदाकार गुरप्रीत सिंह घुग्गी ने ये कहकर इन क्यासों पर विराम लगा दिया है कि शादी समारोह में बॉलीवुड से अभी कोई दिग्गज अदाकार नहीं आ रहा। मगर पंजाब के कलाकार व गायक शादी समारोह में रंग जमाएंगे और पंजाबी तड़का लगाएंगे।
हालांकि शादी समारोह में पंजाबी फिल्म हस्तियों के अलावा बॉलीवुड से भी दिग्गजों को निमंत्रण दिया गया है, मगर ज्यादातर दिग्गज बॉलीवुड अदाकार मुंबई में होने वाली रिसेप्शन में ही भाग लेंगे। गुरप्रीत सिंह घुग्गी लंदन से अपनी फिल्म के शूट में से समय निकाल कपिल शर्मा की शादी समारोह के लिए आज पंजाब लौट आए हैं और मेहमाननवाजी के लिए तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि जालंधर में शादी समारोह में दोनों पक्षों के करीबी रिश्तेदार व पंजाब से जुड़ी फिल्मी हस्तियां ही शिरक्त करेंगी, क्योंकि मौसम में भी बदलाव आ रहा है। पंजाब में धुंध, बारिश और बहुत ठंड हो रही है। ऐसे में फ्लाइटें आदि आने-जाने में दिक्कतें आती हैं। इसलिए ज्यादातर सेलीब्रिटी मुंबई में होने वाली रिसेप्शन पार्टी में ही पहुचेंगे।
11 दिसंबर मंगलवार की रात होली सिटी में कपिल शर्मा के विवाह की जागो निकाली गई। इस दौरान लोक गायिका और लंबी हेक की मलिका गुरमीत बावा व उनकी बेटियों लाची बावा तथा ग्लोरी बावा ने घोड़ियां गाई। जागो में कपिल शर्मा के साथ उनकी बहन पूजा देवगण, जीजा पवन देवगण, मां जनक और बेहद नजदीकी रिश्तेदार शामिल हुए। वहीं शादी के लिए पूजा देवगण के घर को पारंपरिक ढंग से सजाया गया है। घर के भीतर लाल और सफेद रंग के गुलाब के फूल लगाए गए हैं।
10 दिसंबर को जागरण रखा गया, जमकर नाचीं मां
शादी के उपलक्ष्य में शर्मा परिवार की ओर से 10 दिसंबर सोमवार रात अमृतसर के होटल रेडीसन ब्लू में आयोजित जागरण में मुंबई और पंजाब के सितारों ने शिरकत की। जागरण में गायक मास्टर सलीम और गायिका ऋचा शर्मा ने महामाई का गुणगान किया। कपिल-गिन्नी की शादी अटेंड के लिए कपिल की रील वाइफ सुमोना चक्रवर्ती पंजाब पहुंच गई हैं।
वहीं सोमवार रात जागरण में कामेडियन कृष्णा अभिषेक, मशहूर गायक लखविंदर वडाली, रोशन प्रिंस, जोरा रंधावा के अलावा हास्य कलाकार चंदन प्रभाकर, सुदेश लहरी, राजीव ठाकुर पहुंचे और कपिल को शुभकामनाएं भेंट की। जागरण में हिस्सा लेने पहुंचे राजीव ठाकुर ने कपिल को शादी की शुभकामनाएं दी और कहा कि वह परमात्मा से कपिल और गिन्नी की जोड़ी सदा सलामत रखने की कामना करते हैं।
रोशन प्रिंस भी जागरण में भी शामिल हुए। वहीं जागरण में बेटे की शादी की खुशी में कपिल की मां जनक जी भर कर नाचीं। इस डांस का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।