कांग्रेस कहती है कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद की सोच रखती है। हिंदुस्तान हमारा देश है, जो कि हमें जान से प्यारा है। हम तो राष्ट्रवाद की बात करेंगे। ये लोग कहते हैं कि हम प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर वोट मांगते हैं, क्यों न मांगें, मोदी हमारे नेता हैं।
यह बात सीएम मनोहर लाल ने गुरुवार को हिसार रोड पर भाई जी बैंक्वेट हॉल में पंजाबी समाज द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व सीपीएस विनोद भयाना ने की। कार्यक्रम को लेकर खास बात यह रही कि मात्र 30 घंटे पहले सीएम का हांसी में आने का प्रोग्राम तय हुआ। यहां पंजाबी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में लोगों की भीड़ देख सीएम गदगद नजर आए।
भाजपा सरकार ने बीबीसी की परंपरा को तोड़ा
उन्होंने लोगों से हिसार सीट से भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। सीएम ने विपक्ष पर हमला बोला कि कांग्रेस में बीबीसी की नीति चलती थी, बदली, भर्ती व सीएलयू।
भाजपा सरकार ने इस परंपरा को तोड़ा है। दलाल और बिचौलियों को पनपने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पहले पर्ची और खर्ची के आधार पर नौकरियां मिलती थी, लेकिन भाजपा ने योग्यशील युवाओं को नौकरियां दिलवाने का काम किया है, यह हमारी सोच है।
लोग स्मृति चिह्न व तलवार भेंट करने लगे तो सीएम बोले- जीत के बाद आऊंगा, तब देना
कार्यक्रम के दौरान खास बात तो यह देखने को मिली कि सीएम ने पूरे कार्यक्रम के दौरान किसी जाति विशेष का जिक्र करने के बजाय हरियाणा एक व हरियाणवी एक का नारा दिया। कार्यक्रम में पंजाबी समुदाय के अनेक लोग स्मृति चिह्न व तलवार आदि लेकर उनका अभिनंदन करने आए थे। सीएम ने उन्हें कहा कि इसे अपने पास रखो।
जीत के बाद धन्यवाद रैली करने आऊंगा। फिर डबल सम्मान दे देना। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री चौ. बीरेन्द्र सिंह व पीडी चौधरी, जसमीत कौर, डॉ. कमल गुप्ता, सुरेन्द्र पूनिया, गौतम सरदाना, पूर्व मंत्री अत्तर सिंह सैनी, अशोक कनौजिया, जगदीश भाटिया, प्रेम वर्मा, चेयरपर्सन निर्मला सैनी, पार्षद रमेश मदान, अशोक ढालिया, डॉ. लवकेश टुटेजा, प्रवीण बंसल, भुवनेश ऐलावादी, वेद नारंग, जसवंत वासुदेव आदि मौजूद रहे।