पंचकूला स्थित शिक्षा सदन के बाहर बीते 142 दिन से धरना दे रहे हरियाणा के सरकारी स्कूलों के कंप्यूटर टीचरों ने अब सरकार को कानूनी तौर पर घेरने का फैसला कर लिया है। इसके साथ ही टीचर मंगलवार से सड़कों पर उतरकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज उठाएंगे। यह जानकारी सोमवार को कंप्यूटर टीचरों ने हरियाणा के एडवोकेट जनरल से मिलने के बाद पत्रकारों को दी।
कंप्यूटर टीचर संघ के प्रवक्ता सुरेश नैन ने बताया कि सोमवार को कंप्यूटर टीचरों ने एजी बलदेव महाजन से मिलकर उन्हें कानूनी स्तर पर अपनी मांगों के बारे में स्थिति से अवगत कराया। कंप्यूटर शिक्षक प्रतिनिधिमंडल के साथ उनके वकील भी बैठक में मौजूद थे।
लंबी बातचीत के बाद एजी बलदेव महाजन ने कहा कि वे पूरी स्थिति के बारे में राज्य सरकार के साथ बात करेंगे। सुरेश नैन ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने एजी को सभी तथ्यों की जानकारी देते हुए वह मेरिट सूची भी सौंपी, जिसके आधार पर ही शिक्षा विभाग ने उन्हें कंप्यूटर टीचर नियुक्त किया था।