निहंगों की छावनी में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण: धामी
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर धामी ने गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा साहिब में निहंगों की छावनी में हुई झड़प की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। धामी ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब में ऐसी घटना दुखद है। संगत की भावनाएं गुरुद्वारा साहिब और सिख संगठनों के पवित्र स्थानों से जुड़ी हैं, जहां टकराव और झगड़े की स्थिति पैदा होना अच्छी बात नहीं है।
उन्होंने संबंधित संगठनों से अपील की है कि वे मिलकर इस मामले को सुलझाएं, क्योंकि सुल्तानपुर लोधी स्थित गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व से संबंधित कार्यक्रम श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाए जा रहे हैं। 27 नवंबर को प्रकाश पर्व के मद्देनजर लगातार बड़ी संख्या में संगत गुरुद्वारा साहिबों में पहुंच रही है, जिनकी भावनाओं और श्रद्धा को ठेस न पहुंचे।
पुलिस की वजह से हम सुरक्षित, उन पर हमला निंदनीय: सांसद बिट्टू
कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने सुल्तानपुर लोधी में होमगार्ड जसपाल सिंह की मौत पर दुख जताया और हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि पुलिस की वजह से हम सुरक्षित हैं। उन पर हमला निंदनीय है। सांसद बिट्टू ने कहा कि यह गुरुद्वारों में क्या हो रहा है? गुरुद्वारा तो एक सेवा है। कुछ लोग बंदूक व बरछे उठाकर वहां कब्जे कर रहे हैं। ये लोग कौन है उनका यहां क्या काम है। सांसद ने कहा कि इन दिनों गुरुद्वारा साहिब में संगत दूर दराज से आती है। लोग माथा टेकते हैं। मन्नत पूरी होने पर चढ़वा व प्रसाद चढ़ाते है लेकिन दो गुट यहां कब्जे को लेकर इतनी बड़ी घटना कर देते हैं। इससे अच्छा संदेश नहीं गया है।