आम आदमी पार्टी सुप्रीमो एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दलित भाईचारे के लोगों के साथ वादा किया कि उनको मकान दिए जाएंगे। इसके साथ लड़कियों के विवाह के लिए शगुन की राशि 51 हजार रुपये तक बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि पोस्टमैट्रिक वजीफा स्कीम को सही तरीके से लागू करने के लिए विशेष सेल का गठन किया जाएगा। शुक्रवार को गोराया पहुंचे केजरीवाल ने दलितों के लिए 19 बिंदुओं वाला अलग से चुनावी मैनिफेस्टो जारी किया।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के विकास के लिए दलितों का उत्थान बेहद जरूरी है और पंजाब में आप पार्टी की सरकार बनने के बाद राज्य में दलित भाईचारे का खास ध्यान रखा जाएगा। सभी दलितों को मकान देने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि एक कम कीमत वाली रिहायशी योजना शुरू की जाएगी, जिससे दलित भाईचारे के सभी लोगों को पक्के घर मिल सकें।
इसके अलावा पंजाब अनुसूचित जाति कमीशन को ज्यादा ताकतें दी जाएंगी, ताकि दलितों के खिलाफ होते अत्याचार और ज्यादतियों को सजा योग्य बनाया जाना सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि बीते पांच सालों में दलितों पर हुए अत्याचार और उनके खिलाफ झूठे मामलों के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया जाएगा।