जाट समाज के जेलों में बंद युवकों की रिहाई, आरक्षण को लागू करवाने, सरकार से आर्थिक सहायता व नौकरी की मांग को लेकर खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों की तीन जुलाई, रविवार को दहिया खाप के चबूतरे के पास सिसाना में महापंचायत होगी।
महापंचायत में यूपी में किसान नेता रहे महेंद्र सिंह टिकैत के बेटे नरेश टिकैत सहित 15 खाप प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही प्रदेश की खाप प्रतिनिधियों के साथ-साथ दिल्ली के खाप प्रतिनिधि भी सिसाना पहुंचेंगे।
महापंचायत के आयोजक एवं दहिया खाप के प्रतिनिधि सुरेंद्र दहिया ने बताया कि दो जून को खाप प्रतिनिधियों की रोहतक के नांदल भवन में मीटिंग हुई थी। इसमें प्रदेश सरकार को आरक्षण सहित जाट समाज की मांगों को लेकर एक माह का समय दिया गया था। उस समय एक जुलाई की तिथि तय की गई थी, लेकिन उस दिन सम्मान समारोह रख दिया। इस कारण अब तीन जुलाई को महापंचायत होगी।
यूपी, दिल्ली और प्रदेश की इन खाप पंचायतों को भेजा न्योता
सुरेंद्र दहिया ने बताया कि महापंचायत में यूपी से किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत के बेटे नरेश टिकैत, सुभाष बाल्याण, तोमर खाप के प्रधान सुरेंद्र तोमर सहित 15 खाप प्रतिनिधियों को बुलाया गया है, जबकि दिल्ली से पालम-360 के प्रधान रामकरण सोलंकी, बुवाना-52 से धारा सिंह सहित अन्य खाप प्रतिनिधि आएंगे। वहीं, प्रदेश में रोहतक से कुंडू, तेवतिया, अहलावत, सांगवान, पेटवाड़ तपा, सतरोड़, भूरा खाप, राठी-12 सहित अन्य खापों के प्रतिनिधि महापंचायत में शिरकत करेंगे।
खाप नहीं करेंगी 31 अगस्त तक इंतजार
जाट आरक्षण को लेकर हरियाणा में यशपाल मलिक की सक्रियता को देखते हुए खापों की महापंचायत में इस बार यूपी से एक दर्जन प्रतिनिधियों को सिसाना बुलाया गया है।आयोजक सुरेंद्र दहिया का कहना है कि खाप पंचायतों ने प्रदेश सरकार के आश्वासन पर खाप पंचायतों ने एक माह का समय दिया था। खापें 31 अगस्त तक इंतजार नहीं करेंगी।