हरियाणा को मिले तीन नए सूचना आयुक्त
हरियाणा को तीन नए सूचना आयुक्त मिल गए हैं। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य शुक्रवार सुबह तीनों नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों ले. जनरल कमलजीत सिंह (सेवानिवृत्त), कमलदीप भंडारी और जय सिंह बिश्नोई को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन राजभवन में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल, परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर और मुख्य सचिव डीएस ढेसी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जय सिंह बिश्नोई दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य और हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रह चुके हैं। ले. जनरल कमलजीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने भारतीय सेना में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। इसी तरह कमलदीप भंडारी राइट टू सर्विस कमीशन में आयुक्त रही हैं।
हेमंत अत्री, योगेंद्र गुप्ता और समीर माथुर का कार्यकाल पूरा होने से तीनों पद खाली हुए थे। गुरुवार को ही चंडीगढ़ में सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक हुई थी। जिसमें नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला और मुख्य सचिव डीएस ढेसी मौजूद रहे थे। सर्वसम्मति से तीनों नए सूचना आयुक्त का चयन हुआ है।