मोटिवेटर ने पेट्रोल छिड़क लगाई आग
- फोटो : amar ujala
संगरूर के मालेरकोटला में प्रदर्शन कर रहे छह मास्टर मोटिवेटर तीसरे दिन भी पानी की टंकी पर चढ़े रहे। शुक्रवार शाम को मोटिवेटरों ने लुधियाना-संगरूर मुख्यमार्ग पर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान एक मोटिवेटर लखवीर सिंह निवासी गांव समाघ (फरीदकोट) ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां लखवीर की हालत ठीक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात पानी की टंकी पर चढ़ीं यूनियन की दो वर्कर तरनवीर कौर, अमृतसर और कुलजीत कौर की तबीयत खराब हो गई। तरनवीर कौर को मालेरकोटला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को मोटिवेटरों ने लुधियाना-संगरूर मार्ग पर धरना लगाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
इसी दौरान फरीदकोट निवासी लखवीर सिंह ने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। मौके पर मौजूद डीएसपी अमरगढ़ पलविंदर सिंह चीमा और नायब तहसीलदार बलविंदर सिंह ने यूनियन के वर्करों की मदद से आग बुझाई और तुरंत एंबुलेंस से उसे सरकारी अस्पताल ले गए। तुरंत एक्शन में आए अधिकारियों और वर्करों के कारण आग को बुझा लिया गया।
इस मौके पर यूनियन नेता बग्गा सिंह, रविंदर सिंह, रमनदीप कौर, बलजीत सिंह बठिंडा, रणजीतसिंह और जगसीर सिंह ने कहा कि अगर मोटिवेटर यूनियन के किसी मुलाजिम का कोई नुकसान होता है तो उसके लिए जल सप्लाई विभाग और राज्य सरकार जिम्मेदारी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को पूरा न किया तो वह सरकार और विभाग के साथ आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।