हरियाणा औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने राज्य में अपने सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए छठी काउंसलिंग आयोजित करने का निर्णय लिया है।
संस्थानों में दाखिला मेरिट के आधार पर लिया जाएगा और उपलब्ध सीटों के लिए कोई आरक्षण नहीं होगा। विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि दाखिले मेरिट आधार पर किए जाएंगे। ट्रेड के आधार पर न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता में सभी प्रकार की वेटेज को शामिल कर दाखिले दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि दाखिला कार्यक्रम के मुताबिक 60 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों के लिए दाखिला तिथि 17, 19 एवं 20 सितंबर निर्धारित की गई है, जबकि 60 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों के दाखिले 21-25 सितंबर, 2016 तक होंगे।
निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में 25 सितम्बर तक दाखिले होंगे। संस्थानों द्वारा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए गए दाखिलों को वैध माना जाएगा।