आम आदमी पार्टी की ओर से गुरदासपुर लोक सभा सीट के उम्मीदवार बनाए गए सुच्चा सिंह छोटेपुर के मीडिया इंचार्ज बलविन्द्र सिंह मिंटू बाजवा पर ड्रग तस्करी का आरोप लगा है।
इस आरोप में कादियां की पुलिस ने बलविन्द्र सिंह मिंटू बाजवा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मिंटू बाजवा कांग्रेस के प्रदेश प्रधान प्रताप सिंह बाजवा के पीए भी रह चुके हैं।
हाल ही में लोकसभा चुनाव को देखते हुए आप उम्मीदवार सुच्चा सिंह छोटेपुर ने उन्हें अपनी ओर से मीडिया इंचार्ज पद का दायित्व सौंपा है।
हालांकि ड्रग तस्करी के मामले में आरोपी बलविन्द्र सिंह मिंटू बाजवा ने पुलिस पर उन्हें सियासी साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाते हुए खुद को बेकसूर बताया है।
एसएचओ कादियां लखविन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अशोक कुमार उर्फ डिम्पल पुत्र संतोख राज निवासी संत नगर कादियां तथा बलविन्द्र सिंह मिंटू बाजवा पुत्र दर्शन सिंह कादियंा ड्रग तस्करी के अवैध कारोबार से जुड़े हुए हैं।
इस आधार पर पुलिस ने बलविन्द्र सिंह मिंटू बाजवा के घर छापेमारी की। मौके से पुलिस ने अशोक कुमार उर्फ डिम्पल को गिरफ्तार कर लिया।
जबकि बलविन्द्र सिंह मिंटू बाजवा काले रंग का लिफाफा फेंककर फरार हो गया । पुलिस ने वहां से मादक पदार्थ के आठ सौ कैप्सूल बरामद करने का दावा किया है।
गौरतलब है कि बलविन्द्र सिंह मिंटू बाजवा गत 20 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं। इससे पूर्व वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान प्रताप सिंह बाजवा के पीए भी रह चुके हैं।
मिंटू ने खुद पर लगे आरोपों के संबंध में बताया कि उन्हें कुछ लोगों की ओर से साजिश के तहत झूठा फंसाया जा रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने चुनाव आयोग व पुलिस अधिकारियों से भी की है।