संगरूर क्राइम ब्रांच ने पंजाब में हथियार सप्लाई करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हथियार की सप्लाई करने वाले एक तस्कर व एक खरीददार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह भी खुलासा किया है कि इस गिरोह का एक सदस्य सेना में तैनात है, जो व्हाट्सएप के जरिए हथियारों की डील करता था।
एसपी योगेश शर्मा ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के थाना गोंडा निवासी पवन कुमार व मुक्तसर साहिब के गांव कराईवाला निवासी कुलविंदर सिंह को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। कुलविंदर को यह पिस्तौल पवन कुमार ने सप्लाई की थी। बीसीए पास 21 वर्षीय पवन कुमार अपने चचेरे भाई के कहने पर संगरूर में उत्तर प्रदेश से अवैध हथियार लाकर 35-40 हजार में सप्लाई करता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अप्रैल में भी एक असलहा सप्लाई करके गया था, जिसे भवानीगढ़ पुलिस ने पहले विजय कुमार गटोला निवासी संगरूर से बरामद कर लिया है। पवन का चचेरा भाई चंचल कुमार निवासी तलेसरा सेना में तैनात है और उसके द्वारा ही असलहा बेचने की डील की जाती है। 35-40 हजार रुपये की कीमत पर असलहा बेचा जाता है। असलहा किसे देना है यह पूरी जानकारी चंचल द्वारा पवन को मौके पर बताई जाती थी।
पवन के पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं। पूछताछ में सामने आया कि पवन का चचेरा भाई चंचल असलहा बेचने की डील व्हाट्सएप से करता था। सारी बातचीत व्हाट्सएप पर हो जाती थी। गिरफ्तार किया गया दूसरा युवक कुलविदर गांव औलख के बस स्टैंड पर नंबर प्लेट बनाने की दुकान करता है। उसका पिता ट्रक ड्राइवर है। थाना सिटी सुनाम ने मामला दर्ज कर सेना में तैनात चंचल की तलाश शुरू कर दी है।