भारत के साथ व्यापारिक संबंध तोड़ने का बड़ा नुकसान पाकिस्तान की प्रोसेसिंग और कपड़ा इंडस्ट्री को उठाना पड़ रहा है। इस इंडस्ट्री का संचालन करने वाले उद्योगपतियों के आगामी तीन महीने का डाइज एंड केमिकल का स्टॉक पड़ा है। भारत से डाइज एंड केमिकल मंगवाने के लिए वहां के व्यापारियों ने करोड़ों के ऑर्डर दिए हुए थे जो रद्द हो गए हैं।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान ने भारत से ईद की मिठाई लेने से किया इंकार, हुसैनीवाला बॉर्डर पर भी न ली और न दी
पाकिस्तान अब डाइज एंड केमिकल चीन व कोरिया से आयात करेगा। भारत की तुलना से अब यह 30-35 फीसदी महंगा मिलेगा। समझौता एक्सप्रेस से पाकिस्तान जाने वाले इस सामान के लिए पाकिस्तान व्यापारियों को भाड़ा भी कम देना पड़ता था। चीन और कोरिया से आने वाले डाइज एंड केमिकलों से पाकिस्तान के कपड़ा उद्योग की लागत कई गुना बढ़ जाएगी।
इसी तरह पाकिस्तान को अब चाय की चुस्कियां भी महंगी पड़ेंगी। भारत से आयात बंद होने से अब पाकिस्तान वियतनाम और कुछ अफ्रीकी ब्रांडों पर निर्भर रहेगा।