गलवां घाटी में 20 सैनिकों की शहादत के विरोध में बुधवार को लीला भवन चौक में भाजपा नेता अजय गोयल की अगुवाई में चीनी सामान को जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर चीन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों को चीनी सामान के बहिष्कार की अपील की गई। अजय गोयल ने कहा कि चीन कई वर्षों से भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने की कोशिशें कर रहा है। अब चीन को उसके मकसद में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सारे देशवासियों को अपील की कि वह आज से ही चीन के सामान को न खरीदने का संकल्प लें। चीनी सामान का बहिष्कार शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान शहीदों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर तरनजीत सिंह, राहुल, संजीव गर्ग, राजेश शर्मा, हरीश कुमार मौजूद रहे।
पटियाला: स्वदेशी जागरण मंच ने जलाया चीन का पुतला
स्वदेशी जागरण मंच के नगर संयोजक सुशील नैय्यर की अगुवाई में सनौरी अड्डा चौक में रोष प्रदर्शन कर चीन का पुतला जलाया गया। नैय्यर ने लोगों से कहा कि स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करें ताकि हमारा देश समृद्ध हो सके। इस मौके पर एकत्रित लोगों ने अपने मोबाइल में से चीन के एप डिलीट किए और लोगों को ऐसा करने के लिए प्रेरित करने का प्रण भी लिया। सुशील ने कहा कि चीन निर्मित केवल वस्तुओं का ही नहीं बल्कि मोबाइल एप का भी हमें बहिष्कार करना चाहिए। नैय्यर ने कहा कि भारत-चीन सीमा पर शहीद हुए फौजी भाइयों को भी हमें कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सभी ने 2 मिनट का मौन रखा।
जालंधर में शिवसेना हिंद ने 20 शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान शिवसेना नेताओं ने न केवल मोबाइल से चीन के एप डिलीट किए बल्कि चीन निर्मित एलईडी को तोड़कर रोष प्रदर्शन किया। युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष इशांत शर्मा ने कहा कि चीन का आधा कारोबार सिर्फ भारत की बदौलत चल रहा है। चीन ने हमेशा भारत की पीठ पर छुरा घोंपा है। शर्मा ने लोगों से अपील की कि चीन के एप और सामान का बहिष्कार करें। सभी देशवासी एकजुट होकर चीन के सामानों का बहिष्कार करें तो वग बैकफुट पर आ जाएगा। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संदीप पाहवा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुभाष महाजन, जिला प्रधान सोहित शर्मा, मुनीश बाहरी, विनय कपूर जसबीर मौजूद रहे।
अमृतसर: शिवसेना ने फूंका चीन का झंडा, प्रदर्शन
शिवसेना पंजाब के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को छेहरटा में चीन का झंडा फूंका और नारेबाजी की। शिवसेना पंजाब के उत्तर भारत के प्रमुख विपन नैय्यर ने कहा कि चीन लद्दाख में भारतीय क्षेत्र को हथियाना चाहता है। इस कार्रवाई में 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए। नैय्यर व उनके साथियों ने चीन सरकार के खिलाफ विरोध जताया। नैय्यर ने केंद्र सरकार से मांग की है कि भारतीय सैनिकों की शहादत का बदला लिया जाए और दुश्मन देश को कड़ा सबक सिखाया जाए। चीन के साथ सभी व्यापारिक रिश्ते खत्म किए जाएं।
तरनतारन: शिवसेना ने फूंका चीन का पुतला
तरनतारन में शिवसेना (बाल ठाकरे) के प्रदेश उपाध्यक्ष अश्विनी कुक्कू की अध्यक्षता में तहसील चौक में चीन का पुतला फूंका गया। उन्होंने कहा कि लद्दाख सीमा पर भारतीय जवानों की कुर्बानी की मिसाल नहीं मिलती। प्रधानमंत्री बताएं कि आखिर कब तक जवानों की शहादत होती रहेगी। पहले पाकिस्तान भारतीय सैनिकों को शहीद करता था। अब चीन कर रहा है। मौके पर जिला अध्यक्ष हरजीत सिंह हीरा, अवनजीत बेदी, स्वतंत्र भनोट, तेजिंदर टींडी, राम गोपाल जोशी, अशोक कुमार, सुखवंत सिंह बब्बा, संजीव डिंपी, रवि कुमार, दलीप कुमार, दविंदर शर्मा, बिक्रमजीत साहिल मौजूद रहे।