फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में एक दिन में कोरोना से छह की मौत, 104 नए पॉजिटिव मिले, 3371 तक पहुंचा आंकड़ा

Tue, 16 Jun 2020 10:07 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
कोरोना वायरस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पंजाब में कोरोना वायरस से मंगलवार को छह और लोगों की मौत होने के साथ ही राज्य में महामारी से मरने वालों की संख्या 73 हो गई है। इसके अलावा बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में 104 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अब राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 3371 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मंगलवार को अमृतसर में 3, जालंधर, लुधियाना और फिरोजपुर में 1-1 मरीज की मौत हो गई। 

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 198211 मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। इस समय राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 838 लोगों का इलाज चल रहा है। राज्य में मंगलवार को 18 मरीज ठीक भी हुए। इनमें मोहाली के 10, पठानकोट व नवांशहर के 3-3, पटियाला व फाजिल्का का 1-1 मरीज शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना को मात देने वालों की संख्या 2461 हो गई है।

अमृतसर में बेकाबू हालात, तीन की मौत 
अमृतसर में कोरोना के कारण हालात बेकाबू होने लगे हैं। मंगलवार सुबह एक महिला समेत तीन मरीजों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। भूषणपुरा निवासी 51 वर्षीय मृतका हाइपरटेंशन की मरीज भी थी। वहीं दो पुरुषों की भी कोरोना से मौत हो गई। यह भी शुगर व हाइपरटेंशन के मरीज थे। 
विज्ञापन


महिला की मौत जीएनडीएच स्थित आइसोलेशन वार्ड में हुई। जबकि बाकी दोनों की मौत एक निजी अस्पताल में हुई। सिविल सर्जन डॉ. जुगल किशोर के अनुसार तीनों मरीज कुछ दिन पहले ही अस्पतालों में दाखिल हुए थे। तीन की मौत के बाद अमृतसर में मरने वालों की संख्या 24 हो गई है। प्रशासन ने इन इलाकों को सील कर दिया है। निगम ने इन इलाकों को सैनिटाइज करना शुरू कर दिया है।      

मंगलवार को अमृतसर में कोरोना के 15 नए केस रिपोर्ट हुए। अब जिले में मरीजों की संख्या 644 हो गई है। जो 15 नए केस रिपोर्ट हुए हैं, उनमें से आठ मरीज पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में थे। इनमें से चार मरीज लाहोरी गेट स्थित गली जट्टां वाली से, तीन मरीज अनगढ़ और एक मरीज गोल बाग के इलाके से पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए थे। वहीं हरिपुरा, कृष्णा नगर, अजित नगर, हबीबपुर, सीमावर्ती कस्बे चौगावां, रय्या और औठियां से एक-एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।      

पॉजिटिव चोर के भाग जाने के मामले में तीन पुलिस अधिकारी गिरफ्तार 
मजीठा रोड थाने की पुलिस ने सब इंस्पेक्टर बलजिदर सिंह, थानेदार शीशपाल और एएसआई सुखविदर सिंह को मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। इन पर आरोप है कि इन तीनों की लापरवाही के कारण श्री गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवाया गया कैदी प्रताप सिंह पुलिस पार्टी को गच्चा देकर फरार हो गया था। जांच अधिकारी हीरा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक चोरी के मामले का आरोपी प्रताप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। प्रताप सिंह पर पहले भी चोरी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। जब पुलिस ने प्रताप को गिरफ्तार किया तो उसका टेस्ट करवाया गया। श्री गुरु नानक अस्पताल में उसे दाखिल करवाया गया तो उक्त तीनों पुलिस अफसरों को उस पर नजर रखने के लिए तैनात किया गया था लेकिन रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही आरोपी इन्हें गच्चा देकर फरार हो गया। बाद में आरोपी की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई। बाद में पुलिस ने कैदी प्रताप सिंह, सब इंस्पेक्टर बलजिदर सिंह, एएसआई शीशपाल सिंह और एएसआई सुखविदर सिंह के खिलाफ मामला दर्जकर लिया था। पुलिस प्रताप सिंह को कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

जालंधर में कोरोना संक्रमित की मौत, 32 नए मरीज मिले

जालंधर में कोरोना तेजी से फैलने लगा है। मंगलवार को एक संक्रमित महिला की मौत हो गई। वहीं 32 नए मरीज सामने आए। इनमें दो महीने की बच्ची भी शामिल है, जो अमृतसर में इलाजरत है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ने लगी है, क्योंकि पांच मरीज पीएपी से हैं। पीएपी हेडक्वार्टर में हजारों पुलिसकर्मियों के आवास भी हैं और ट्रेनिंग सेंटर भी है। ऐसे में कोरोना वहां पर भयंकर रूप धारण कर सकता है। इसके अलावा पांच संक्रमित जिले से बाहर के हैं। अब शहर में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 386 हो गई है। 

मंगलवार सुबह कोरोना से रोज गार्डन की रहने वाली 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वह वरियाम सिंह मेमोरियल अस्पताल, शाहकोट में भर्ती थी। उन्हें फेफड़ों की बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बाद में उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। जिले में कोरोना से अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। 

मंगलवार को जालंधर का चार्ज संभालते ही डीसी घनश्याम थोरी ने पहली बैठक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ की। उन्होंने जिला प्रशासन व स्वास्थ्य अफसरों को स्पष्ट किया कि जिले में हर मरीज को इलाज की सुविधा मिलनी चाहिए। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. गुरिंदर कौर चावला व एसएमओ डॉ. हरिंदर सिंह ने इंतजामों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एडीसी जसबीर सिंह, एडीसी विशेष सरंगल भी मौजूद रहे। 

संगरूर में चार नए मामले मिले, कुल 47 मरीज
संगरूर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को जिले में चार नए मामले सामने आए हैं। इनमें अहमदगढ़ के दो, एक मालेरकोटला और एक गांव कांझला का रहने वाला है। इन सभी को कोविड सेंटर घाबदां में आइसोलेट कर दिया गया है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 47 पहुंच गई है।

सीआईएसएफ जवान मिला कोरोना पॉजिटिव

नवांशहर में स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को कोरोना की रिपोर्ट जारी की। इसमें गांव बग्गुवाल निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उक्त व्यक्ति सीआईएसएफ में है और दिल्ली में तैनात है। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर आया था और तबसे होम क्वारंटीन था। जिले में अब एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 19 हो गई है। 

फाजिल्का में दो भाई और ताई संक्रमित
फाजिल्का जिले में ताई और दो सगे भाई सहित एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। विभाग के पास इनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। वहीं सूत्रों से पता चला है कि संक्रमित पाए गए दोनों युवक दिल्ली से आए थे और इन्होंने प्रशासन को अपनी ट्रैवल हिस्ट्री की जानकारी नहीं दी। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों को कोविड केयर सेंटर जलालाबाद में आइसोलेट कर दिया। 

फाजिल्का सिविल सर्जन कार्यालय को मंगलवार सुबह प्राप्त हुई रिपोर्ट में 53 वर्षीय महिला सहित 31 और 24 वर्षीय दो भाई शामिल हैं। सिविल सर्जन डॉ. चंद्रमोहन कटारिया ने बताया कि उनके परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। उनके निवास स्थान के आसपास का क्षेत्र आवागमन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया। 

सूत्रों से पता चला है कि यह दोनों युवक पिछले दिनों दिल्ली से लौटे थे। दोनों ने अपनी ट्रैवल हिस्ट्री के बारे में किसी को नहीं बताया। जब इन लोगों में कोरोना संबंधी लक्षण दिखाई देने लगे तो दोनों भाइयों और ताई ने 14 जून को सरकारी अस्पताल में अपने सैंपल दिए। मंगलवार सुबह आई रिपोर्ट के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या छह हो गई है। 

कोरोना: रेल मंडल कार्यालय फिरोजपुर के सीनियर डीएमई की मौत 

रेल मंडल कार्यालय फिरोजपुर में कार्यरत सीनियर डिवीजनल मैकेनिकल इंजीनियर (सीनियर डीएमई) राजकुमार की कोरोना से लुधियाना के सीएमसी अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारी की तबीयत 11 जून को खराब हुई थी और उन्हें रेलवे अस्पताल फिरोजपुर में भर्ती किया गया था। बारह जून को रेलवे अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें लुधियाना के सीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पर उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई और 16 जून को उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार सीनियर डीएमई राज कुमार की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से रेल मंडल कार्यालय फिरोजपुर की मैकेनिकल ब्रांच को बंद कर दिया गया था, क्योंकि ब्रांच के सभी कर्मी उक्त अधिकारी के संपर्क में आए थे। राजकुमार दिल्ली के रहने वाले थे। दिल्ली से छुट्टी काटकर फिरोजपुर लौटने पर उन्हें दस दिन घर में ही क्वारंटीन किया था। उसके बाद वह ड्यूटी पर आए थे। 

तबीयत खराब होने पर उन्होंने रेलवे अस्पताल के डॉक्टरों से चेकअप करवाया। रेलवे अस्पताल के सीएमएस एसपी शर्मा ने बताया था कि राज कुमार के खून में ऑक्सीजन कम थी और फेफड़ों में इंफेक्शन है। इसलिए उन्हें लुधियाना सीएमसी रेफर किया गया। फिरोजपुर में कोरोना से मरने वालों की संख्या दो हो गई है।

फिरोजपुर: सीट मेकर समेत दो की रिपोर्ट पॉजिटिव
मल्लांवाला में सीट मेकर और मक्खू में पंजाब पुलिस का जवान कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जानकारी के मुताबिक मल्लांवाला निवासी सीट मेकर कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटा था। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग ने सिविल अस्पताल फिरोजपुर में भर्ती करवाया। दिल्ली से आने के बाद पीड़ित अपने दोस्तों व रिश्तेदारों से मिलता-जुलता रहा। दुकान पर भी काम करता रहा। इसके संपर्क में कई लोग आए हैं। वहीं पुलिस जवान जालंधर में कार्यरत है।
विज्ञापन

फरीदकोट: लुधियाना में उपचाराधीन कोटकपूरा का बुजुर्ग संक्रमित

पिछले कुछ दिनों से लुधियाना के डीएमसी अस्पताल (दयानंद मेडिकल कॉलेज) में उपचाराधीन कोटकपूरा के प्रेम नगर निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इससे फरीदकोट में एक्टिव केसों की संख्या 15 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि उनके पास लुधियाना से आई जानकारी के अनुसार कोटकपूरा निवासी बुजुर्ग को लुधियाना में दाखिल करवाया गया था। जांच के दौरान उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। अब स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित के करीबी लोगों के सैंपल लेने का काम शुरू कर दिया है। 

बटाला में कपड़ा व्यापारी पॉजिटिव 
बटाला के टिब्बा बजार के रहने वाले एक कपड़ा व्यापारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार सुबह संबंधित क्षेत्र में सैंपलिंग की गई। मंगलवार को सिविल अस्पताल की टीम ने बटाला के विभिन्न इलाकों में कुल 145 लोगों के सैंपल लिए। एसएमओ डॉ. संजीव भल्ला ने बताया कि युवक सिविल अस्पताल में जुकाम और खांसी की दवा लेने आया था। अमृतसर से सोमवार देर शाम उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिस डॉक्टर ने युवक को चेक किया था, उसे भी क्वारंटीन कर दिया गया है। 

लुधियाना जेल से आए दो कैदियों समेत चार संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग से आई रिपोर्ट में लुधियाना जेल से कपूरथला माडर्न जेल लाए गए दो कैदियों समेत चार कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। कैदियों के अलावा दोनों मरीज पीजीआई चंडीगढ़ और लुधियाना डीएमसी में उपचाराधीन हैं। सिविल अस्पताल के आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. राजीव भगत के अनुसार नए पॉजिटिव में 20 और 34 वर्षीय दो कैदी हैं जिन्हें लुधियाना जेल से कपूरथला माडर्न जेल लाया गया है। इन दोनों कैदियों को माडर्न जेल के अंदर बैरकों के अलावा अलग एरिया में क्वांटीन किया गया है। यह वह विंग है, जहां पर बाहर से आने वाले नए कैदियों को क्वारंटीन किया जाता है। 

रोपड़ में दो और पॉजिटिव 
रोपड़ जिले में मंगलवार को कोरोना वायरस के दो पॉजिटिव मामले आए हैं। जानकारी के अनुसार श्री चमकौर साहिब के गांव बेला में 72 वर्षीय महिला की कोरोना वायरस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं नया नंगल में 29 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सिविल सर्जन डॉ. एचएन शर्मा ने बताया कि इनमें से एक मरीज दिल्ली से आया है। दूसरा मरीज दिल्ली से आए मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है। जिले में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों की संख्या अब 12 हो गई है।

लुधियाना में एक की मौत, 26 नए केस 
कोरोना से मंगलवार को बस्ती जोधेवाल निवासी 65 वर्षीय मरीज की डीएमसी में मौत हो गई। मंगलवार को 26 नए केस भी सामने आए। इनमें 21 लुधियाना और बाकी पांच होशियारपुर, संगरूर, कपूरथला, फरीदकोट और बिहार से संबंधित है। इस बारे में पुष्टि सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने की है। 

पटियाला: राजिंदरा की एक और स्टाफ नर्स संक्रमित, 10 नए केस
सरकारी राजिंदरा अस्पताल की एक और स्टाफ नर्स मंगलवार को संक्रमित पाई गई। आज जिले में स्टाफ नर्स समेत कुल 10 नए संक्रमित केस सामने आए। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि मंगलवार को पॉजिटिव रहे केसों में छह पटियाला शहर से हैं, दो भादसों ब्लाक से और एक राजपुरा व एक नाभा से संबंधित है। सरकारी राजिंदरा की 58 साल की एक स्टाफ नर्स निवासी संधू कालोनी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। सभी को सरकारी राजिंदरा अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करा दिया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें