चंडीगढ़। कोरोना वायरस की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए यूटी प्रशासक के नए सलाहकार धर्मपाल ने डीजीपी व डीसी को आदेश दिए हैं कि बिना मास्क के घूम रहे लोगों का या तो चालान काटा जाए या फिर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
सलाहकार धर्मपाल वीरवार को सुखना लेक गए थे। वहां पर उन्होंने देखा कि ज्यादातर लोगों ने मास्क नहीं लगा रखा था, न ही सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा था। लेक पर भीड़ भी काफी ज्यादा थी। यह सब देखने के बाद वह काफी नाराज बताए जा रहे हैं। केंद्रीय एजेंसियों ने चेतावनी दे दी है कि अगर लोगों ने नियमों का पालन नहीं किया को तीसरी लहर भी आ सकती है। इसे लेकर वीरवार को कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने भी चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए एक बैठक की है। इसमें उन्होंने कहा है कि अगर लोग अगर कोरोना वायरस के दिशा-निर्देशों की अवहेलना करते रहेंगे तो तीसरी लहर की संभावना काफी बढ़ जाएगी। इस बैठक में प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल भी उपस्थित रहे।
कैबिनेट सचिव की तरफ से कहा गया है कि शहर के अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया जाए। इसके अलावा टीकाकरण अभियान को तेज किया जाए और लोग मास्क पहनने व सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करें, यह भी सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद ही प्रशासक के सलाहकार ने विभिन्न टीमें बनाने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार जो लोग बिना मास्क आदि के घूम रहे हैं, शुक्रवार से अभियान चलाकर उनके चालान काटे जाएंगे और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज करने तक के भी निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक में स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता, डीजीपी संजय बेनीवाल, नगर निगम के कमिश्नर केके यादव, डीसी मनदीप सिंह बराड़, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के सीईओ यशपाल गर्ग व स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कंग उपस्थित रहीं।