मनीमाजरा। शास्त्री नगर चौराहे के पास वीरवार रात 12:20 बजे एक बाइक चालक अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में बाइक सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई। इस दौरान सिर पर गंभीर चोटें आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान उसने हेलमेट न पहन बाजू पर लटकाया था। मृतक की पहचान गांव दरिया के रहने वाले 19 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। युवक के परिजन बिहार के जिला बेतिया में अपने गांव गए हुए हैं। पुलिस ने उन्हें सूचित कर दिया है।
हादसे की सूचना देने वाले राहगीर ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार किशनगढ़ की ओर से काफी तेज गति से आ रहा था। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पोल से जा टकराई। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की कई पीसीआर और डीएसपी देवेंदर शर्मा व इंस्पेक्टर आशा शर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, आईटी पार्क थाना पुलिस ने सड़क और चौराहे पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की। पुलिस ने शव को सेक्टर-16 के शवगृह में रखवा कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।