चंडीगढ़। आइकॉनिक वीक के दूसरे दिन सुबह से शाम तक कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शाम को सेक्टर-42 स्थित न्यू लेक पर लेजर तकनीक से लाइट-साउंड शो हुआ, जिसे देखने के लिए काफी लोग पहुंचे थे। मंगलवार को भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
सुबह वन विभाग ने शहर के पक्षी वन्यजीव अभयारण्य, मयूर पार्क, बॉटनिकल गार्डन, नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर और बटरफ्लाई पार्क में लोगों के लिए विशेष भ्रमण का आयोजन किया गया। यहां अधिकारियों ने प्रतिभागियों को जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा सेक्टर-16 से सेक्टर-17 में रोज गार्डन को जोड़ने वाले पैदल यात्री अंडरपास में सांस्कृतिक मामलों के विभाग और चंडीगढ़ ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित स्वतंत्रता के रंग विषय पर एक सप्ताह तक चलने वाली कला कार्यशाला का भी उद्घाटन किया गया।
चंडीगढ़ के सेक्टर-42 में न्यू लेक में अल्ट्रा-आधुनिक लेजर तकनीक और अद्वितीय ध्वनिकी का उपयोग करते हुए शानदार लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया गया, जिसने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम 13 मार्च तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में होंगे।
आज के कार्यक्रम
सुबह 6 बजे : सुखना लेक पर मॉर्निंग रागा
सुबह 10 बजे : सेक्टर-19 स्थित ली कार्बूजिए केंद्र में टेपेस्ट्री कंजर्वेशन वर्कशॉप
सुबह 10 बजे : सेक्टर-19 स्थित पर्यावरण भवन से विशेष फॉरेस्ट टूर
शाम 6 बजे: टैगोर थिएटर में एनएसडी की तरफ से ड्रामा
शाम 6:30 बजे : सेक्टर-42 स्थित न्यू लेक पर पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर की प्रस्तुति