मोहाली में पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें
हड़ताल का असर मोहाली में भी दिखने लगा है। साल के दूसरे दिन सुबह ही तमाम पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी लाइन और भीड़ देखने को मिली। अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण लोग अपने-अपने वाहनों में जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने में लगे थे जबकि कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल पूरी से खत्म हो चुका है।
फेज-2 एचपी पेट्रोल पंप के मालिक सोहन लाल ने बताया कि उनके पास एक दिन का डीजल व पेट्रोल बचा है। वह भी आज शाम तक खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर कल तक भी हड़ताल खत्म होती है तब भी पंप पर सप्लाई पहुंचने में दो दिन लग जाएंगे। पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहनों में मात्र 500 रुपये और चार पहिया वाहनों में 1000 रुपये तक का ही तेल डाला जा रहा है।
पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के लिए पहुंचे ग्राहकों का कहना है कि नियमित रूप से नौकरी पेशा और कारोबार के कारण उन्हें अपने वाहनों में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल या डीजल चाहिए होता है, लेकिन इस वक्त लगभग हर पंप पर तेल की कमी बड़ी समस्या बनती जा रही है। यहां तक की कई जगह पंप ऑपरेटर इस मौके का फायदा उठाकर साधारण के बजाय पावर और माइलेज वाला ईंधन जबरन बेचने की कोशिश भी कर रहे हैं। नववर्ष पर मोहाली पहुंचे कई पर्यटकों को भी तेल की कमी की समस्या के चलते परेशान होना पड़ रहा है।
पंचकूला में भी पंपों पर लगी लंबी लाइनें
ट्रक यूनियन की हड़ताल का असर पंचकूला में भी देखने को मिला। मंगलवार सुबह पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी लाइन लग गई। सेक्टर-15, 16, 4, 5 और 2 सहित सभी पेट्रोल पंप पर डीजल और पेट्रोल भराने के लिए लोग पहुंचने लगे। लाइन में लगकर तेल भराने वाले विवेक कुमार, रोशन संजय और महिला डॉली ने बताया कि पेट्रोल भराने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।