बमियाल में गुज्जरों के डेरे खंगाले
भारत-पाक सीमा से सटे कस्बा बमियाल के पुलिस चौकी इंचार्ज अंग्रेज सिंह ने पुलिस पार्टी सहित सीमावर्ती एरिया के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी करके जम्मू-कश्मीर सीमा से पंजाब में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों को रोककर उनकी गहनता के साथ जांच की।
विभिन्न गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाकर संवेदनशील स्थानों, गुज्जरों के डेरों एवं अन्य स्थानों को खंगाला गया। चौकी इंचार्ज अंग्रेज सिंह ने गुज्जरों को सख्त हिदायत दी कि यदि उनके पास कोई भी व्यक्ति एवं रिश्तेदार रहने हेतु आता है तो वह उसके बारे में पुलिस को जरूर सूचित करें। उन्होंने लोगों को भी पूरी तरह से सतर्क रहने के लिए कहा।
गुरदासपुर में खोजी कुत्तों, बम निरोधक दस्ते के साथ चेकिंग
हाई अलर्ट बाद ने गुरदासपुर में भी सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है। जिले में डीएसपी तथा थाना प्रभारी ने खोजी कुत्तों तथा पुलिस पार्टी के साथ विभिन्न स्थानों की छानबीन की। एसएसपी स्वर्णदीप सिंह की ओर से विभिन्न पुलिस टीमों का गठन कर मिनी सचिवालय, गुरु नानक पार्क, नेहरू पार्क, सिविल अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों में डॉग स्क्वायड टीमों, बम निरोधक दस्ते की मदद से सर्च अभियान चलाया।
एसएसपी स्वर्णदीप सिंह ने बताया कि बार्डर एरिया होने के चलते गुरदासपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर उन्हें संदिग्ध वस्तु दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस कंट्रोल में सूचना दी जाए। इस टीम की अगुवाई डीएसपी सिटी सुखपाल सिंह, इंचार्ज पीसीआर रंजीत सिंह और थाना सिटी प्रभारी कुलवंत सिंह की ओर से की गई।