हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने टोक्यो में चल रहे पैरालंपिक खेलों में भाला फेंक में विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीतने पर सुमित आंतिल और डिस्कस थ्रो एफ-56 में रजत पदक जीतने पर योगेश कथुनिया को क्रमश: 6 करोड़ और 4 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। दोनों को हरियाणा सरकार सरकारी नौकरी भी देगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सुमित आंतिल ने टोक्यो पैरालंपिक में भाला फेंक खेल में वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा वासियों के साथ-साथ पूरे हिंदुस्तान का दिल जीत लिया है। मुख्यमंत्री ने सुमित के जज्बे को सलाम करते हुए उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी, साथ ही कहा कि बहादुरगढ़ निवासी योगेश कथुनिया ने हरियाणा ही नहीं देश का भी मान बढ़ाया है।
खिलाड़ियों ने किया कमाल: विज
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने सोमवार को प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी पर्व की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टोक्यो में चल रहे पैरालंपिक खेलों में जन्माष्टमी के दिन भारत के खिलाड़ियों ने एक ही दिन में पांच पदक जीत कर कमाल कर दिया है। विज ने ट्वीट किया कि आज जन्माष्टमी के दिन टोक्यो पैरालंपिक में भारत ने एक ही दिन में 5 मेडल, जिसमें दो गोल्ड जीतकर कमाल कर दिया। सबको हार्दिक शुभकामनाएं।